महिलाओं ने किया चक्काजाम
अविकसितकॉलोनी में नपा द्वारा कराए जाने वाले नाली निर्माण के दौरान गुरुवार को दो पक्षों में विवाद हो गया। स्थिति बिगड़ती देख नपा कर्मचारी जेसीबी लेकर लौट गए। विरोध में एक पक्ष की महिलाओं ने संजीत रोड पर चक्काजाम कर दिया। प्रशासनिक पुलिस अधिकारी मौके पहुंचे और महिलाओं से चर्चा की। रहवासियों की मर्जी का काम होने के बाद मामला शांत हुआ।
संजीत रोड स्थित राजीव कॉलोनी में पानी निकासी नहीं होने से घरों के सामने कीचड़ हो रहा था। शिकायत के बाद सुबह 8.30 बजे नगरपालिका के कर्मचारी नाली निर्माण के लिए जेसीबी लेकर पहुंचे और खुदाई शुरू की। कॉलोनी के दूसरे कोने में श्यामलाल चौधरी के घर के बाहर खड़ी बोलेरो हटाने के लिए कहा। कॉलोनी के इस ओर रहने वाले राजेश चौहान श्यामलाल को बोलेरो हटाने की बोलने पहुंचे। कुछ देर तक बोलेरो नहीं हटाने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। बात मारपीट तक पहुंच गई। स्थिति बिगड़ती देख नपा कर्मचारी जेसीबी लेकर लौट गए। खुदाई कार्य रुकता देख सुबह 9 बजे दूसरे पक्ष की महिलाओं ने संजीत रोड पर जाम लगा दिया। सूचना पर तहसीलदार सत्यनारायण डर्रो वायडीनगर टीआई किशोर पाटनवाला मौके पर पहुंचे। महिलाओं से चर्चा की और उन्हें शांत किया। चक्काजाम 30 मिनट चला। रोड के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। नपा कर्मचारियों को बुलाया और एक बार फिर खुदाई शुरू कराई। दूसरे पक्ष के लोग खुदाई का विरोध करने लगे। उनका कहना था नपा पहले भी खुदाई कर चुकी है लेकिन कोई स्थाई इंतजाम नहीं होने से आने जाने का रास्ता बंद हो जाता है। इस पर नपा के उपयंत्री राजेश उपाध्याय ने पाइप लाइन डालने का भरोसा दिया इसके बाद कार्य शांतिपूर्ण ढंग से हुआ। उपयंत्री उपाध्याय ने बताया कॉलोनी अवैध होने के कारण नपा यहां निर्माण कार्य नहीं कर सकती। लोगों की परेशानी देखते हुए व्यवस्था दी है। फिलहाल खुदाई कराकर क्राॅस ड्रेनेज पाइप डाले हैं।
सड़क निर्माण में बाधक अतिक्रमण हटवाते नपा कर्मचारी।
सड़क निर्माण में बाधा बने निर्माण को नपा ने हटाया
संजीत रोड पर चक्काजाम करते हुए नागरिकों को समझाते वायडीनगर थाना प्रभारी।