स्वास्थ्य आयुक्त और प्रमुख सचिव से कहा- हर केस करना पड़ रहा रैफर
भास्कर संवाददाता | मल्हारगढ़
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार शाम स्वास्थ्य आयुक्त पंकज अग्रवाल और प्रमुख सचिव गौरीसिंह 15 मिनट रुके। निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों ने स्टॉफ की पोल खोलना शुरू कर दी। फोरलेन पर आए दिन दुर्घटनाओं के बारे में बताया और कहा हर केस मंदसौर रैफर करना पड़ते हैं। अधिकारियों ने आश्वस्त किया खामियां नोट कर ली और कहा समस्याओं के निराकरण की दिशा में काम होगा।
आयुक्त अग्रवाल व प्रमुख सचिव सिंह ने स्वास्थ्य केंद्र में ओपीडी, प्रसूति वार्ड, प्राथमिक उपचार केंद्र का निरीक्षण किया। स्टॉफ के बारे में पूछा, पता चला लंबे समय से डॉक्टरों के 4 पद खाली हैं। आसपास के केंद्रों से सप्ताह में 2 दिन अस्थायी तौर पर डॉक्टर आते हैं। केंद्र में आधुनिक मशीनों के इंतजाम नहीं है। जिससे ब्लॉकवार के रोगियों को तकलीफ होती है। सूचना पर नप अध्यक्ष दिनेश प्रजापति अधिकारियों से मिलने पहुंचे। उन्होंने आयुक्त अग्रवाल व सचिव सिंह से कहा फोरलेन पर आए दिन गंभीर एक्सीडेंट होते हैं, केंद्र पर न डॉक्टर हैं न जान बचाने लायक आधुनिक मशीनें। केस मंदसौर रैफर करना पड़ते हैं और बीच रास्ते में रोगी दम तोड़ जाते हैं। मामूली बीमारियों तक में परेशानी है। उपस्थितजन ने स्थायी डॉक्टर नियुक्ति करने की मांग की। स्वास्थ्य विभाग के दोनों अधिकारियों ने डॉक्टरों की कमी, स्टाफ संबंधी रिक्त पद, केंद्र पर आसपास के लोगों की निर्भरता, उपलब्ध संसाधनों संबंधी रिपोर्ट के पाइंट नोट किए और टीम चली गई। तहसीलदार पारस कुन्हारा मौजूद थे।
मल्हारगढ़ स्वास्थ्य केंद्र में महिलाओं से चर्चा करते प्रमुख सचिव डॉ.गौरीसिंह।