गवाही देकर लौट रही पत्नी को कोर्ट के गेट पर पीटा
बीचबचाव में ससुर की अंगुली में फ्रैक्चर
भास्कर संवाददाता | रतलाम
भरण-पोषण के केस में पति के खिलाफ बयान देकर घर लौट रही एक महिला के साथ बुधवार दोपहर उसके पति ने कोर्ट के सामने मारपीट की। बीच-बचाव की कोशिश में ससुर के दाहिने हाथ की अंगुली में फ्रैक्चर हो गया। घटना के समय भीड़ जमा हो गई। लोगों ने पिता-पुत्री को छुड़वाकर स्टेशन रोड थाने पहुंचाया। मौका पाकर आरोपी राजेश मौके से भाग निकला। स्टेशन रोड थाने में आरोपी पति के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।
पुलिस के अनुसार 11 फरवरी 2009 को नयागांव निवासी नीतू सोलंकी की शादी कुवैत में टेलरिंग का काम करने वाले पिपलियामंडी (मंदसौर) निवासी राजेश पिता जगदीश राठौर से हुई थी। शादी के बाद राजेश मंदसौर लौट आया और पिता के टेलरिंग के काम में हाथ बंटाने लगा। घरेलू बात पर मारपीट करने के कारण नीतू परेशान थी। 2014 में मारपीट के कारण गर्भपात होने के कारण नीतू की तबीयत बिगड़ी तो पिता भवानीशंकर राठौर उसे रतलाम ले आए। बाद में भरण-पोषण के लिए नीतू ने जिला न्यायालय में वाद दायर किया। बुधवार को नीतू उसके पिता के साथ तारीख पेशी पर गई थी। वापस लौटते समय कोर्ट के गेट के पास पीछे से आए राजेश ने नीतू के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव के लिए आए पिता भवानीशंकर के साथ भी मारपीट की। प्रधान आरक्षक संध्या आर्य ने दोनों को अस्पताल ले जाकर उपचार करवाया।