नगरपालिका एक साल तक शहर में नई सड़क नहीं बनाएगी
नगरपालिका के सीवेज और जलप्रदाय योजना की डीपीआर दिल्ली पहुंच गई है। डीपीआर स्वीकृत होने पर इसी साल शहर में भूमिगत पाइप लाइन बिछाई जाएगी। नालियों का निर्माण होगा। एेसे में नपा ने एक साल तक नई सड़क नहीं बनाने का निर्णय लिया है। इससे उसकी 5 करोड़ की राशि बचेगी। जिसका उपयोग शहर के चौराहों के विकास में होगा।
मरम्मत के लिए बनेगा बजट -शहर के मुख्य मार्गों के साथ आंतरिक मार्गों के सुधार के लिए नपा सालाना 15 से 20 लाख पेंचवर्क के लिए खर्च करती है। सड़कें का निर्माण नहीं होगा तो नपा इसमें वृद्धि करेगी। बजट अनुमानित रूप से दो गुना कर दिया जाएगा।
पिछले सालों में बनी गारंटी की सड़कें-सीएमओ हिमांशु भट्ट का कहना है नए नियमों के बाद सड़कें ग्यारंटी में बन रही है। तीन साल तक ठेकेदार को रखरखाव भी करना है। इसलिए आम आदमी को परेशानी नहीं आएगी। नपा ग्यारंटी पीरियड की सड़कों की सूची तैयार रखेगी। जरूरत या शिकायत मिलने पर ठेकेदार को नोटिस देकर सड़क सुधरवाई जाएगी। फिलहाल शहर के 75 प्रतिशत हिस्से और मुख्य मार्ग की सड़कें बेहतर है।
नपाध्यक्ष बोले-बचत से चौराहों, बगीचों का विकास करेंगे
नई सड़कों का निर्माण रोकने को लेकर नपा का क्या प्लान है।
200 करोड़ की सीवेज और 82 करोड़ की जलप्रदाय योजनाओं पर संभवत इसी साल काम शुरू होगा। कई जगह सड़कों को खोदना पड़ेगा। नई सड़कों के निर्माण में इसीलिए हम नहीं उलझ रहे हैं।
नपा के पास सड़क सुधार के लिए क्या प्लान होगा।
सीवेज में 120 करोड़ से नालों का निर्माण और आंतरिक पाइप लाइन डाली जाएगी। 20 से 30 करोड़ में सड़क पुनर्निर्माण होगा।
इस योजना पर काम कैसे होगा।
सीवेज प्लान की डीपीअार दिल्ली से स्वीकृत होने के बाद यह पता लग जाएगा कहां सड़कों को खोदना पड़ेगा। उसके बाद हम जरूरी क्षेत्रों में सड़क निर्माण की अनुमति दे देंगे। शहर के लोगों को इसमें सहयोग करना होगा।
सड़कें पर खर्च होने वाली राशि का कहां उपयोग होगा।
अगले एक दो सालों तक नई सड़क नहीं बनी तो जो राशि सड़कों के निर्माण पर लगती है, उसका उपयोग चौराहों के विकास, नालियों के निर्माण में करेंगे
जर्जर सड़कों की समस्या से कैसे निपटेंगे।
ग्यारंटी अवधि में बनी सड़कें बनी सड़कों जांच के बाद सुधरवाया जाएगा। जहां जरूरत हाेगी वहां मरम्मत कर लोगों को राहत दी जाएगी। इसके लिए नपा की तकनीकी टीम लगातार काम करेगी।
यहां बनना हैं सड़कें
अभिनंदन नगर, स्नेह नगर, मेघदूत नगर, नरसिंहपुरा, संजीत रोड, नाहर सैयद क्षेत्र की कॉलोनियों में सड़काें काे लेकर लोगों की नाराजी थी। इन सड़कों के सुधार के लिए नपा को तत्काल योजना तैयार करना पड़ेगी। मुख्यमंत्री विकास योजना से आने वाली राशि का उपयोग इन कॉलोनी में सड़कों का सुधार किया जाएगा।