सूची में गड़बड़ी, बीएसी, सीएसी पदों के लिए काउंसिलिंग निरस्त
सर्व शिक्षा अभियान में आरोपों के बीच शुरू हुई बीएसी व सीएसी की काउंसिलिंग मंगलवार शाम निरस्त कर दी गई। वरिष्ठता सूची में गड़बड़ी आने के बाद मामले ने तूल पकड़ा। अध्यापक संयुक्त मोर्चा ने प्रदर्शन किया। इसके बाद काउंसिलिंग निरस्त की गई।
मंगलवार को वरिष्ठता सूची के आधार पर 23 बीआरसी व 88 सीआरसी पदों के लिए काउंसलिंग शुरू हुई। जानकारी नहीं होने से सुबह 11 बजे नूतन स्कूल में शुरू हुई काउंसलिंग में 150 अध्यापक संवर्ग एवं 3 शिक्षक पहुंचे। दस्तावेज का सत्यापन हुआ। शाम 3 बजे सूची जारी की लेकिन वरिष्ठता का ध्यान नहीं रखा।
अध्यापक संयुक्त मोर्चा ने विरोध किया और वरिष्ठता सूची मंगाई। इसमें कई कमियां नजर आई। मोर्चा के देवीलाल सुनार्थी ने बताया वरिष्ठता सूची गलत थी। इसलिए विरोध किया। प्रदर्शन के दौरान संभागीय अध्यक्ष राधेश्याम गौरवी, वीरेंद्र लोहार, श्याम मनोहर पाटीदार सहित मोर्चा सदस्य मौजूद थे।
अब कह रहे सब को देंगे जानकारी
भास्कर ने पहले ही डीपीसी अनिल भट्ट से चर्चा की और मंगलवार को बीएसी व जनशिक्षक पद के लिए काउंसिलिंग आज अध्यापक संवर्ग व शिक्षकों को नहीं सूचना शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया। डीपीसी ने सभी को सूचित करने की बात कही थी। प्रक्रिया में संख्या कम होने को लेकर सवाल करने पर उन्होंने कहा 3000 हजार शिक्षक है सभी को अलग अलग जानकारी नहीं दी जा सकती। प्रक्रिया निरस्त होने के बाद कहा सूची गलत थी। अब जल्द ही नई तारीख की घोषणा करेंगे अब हर शिक्षक को अलग अलग सूचित भी किया जाएगा।
काउंसलिंग के दौरान सूची को लेकर बहस करते शिक्षक।