जाल से निकाली नीलगाय, एक की मौत
मंदसौर | राजाखेड़ी व सेजपुरिया के बीच स्थित खेत में 5 दिनों से गिरी नीलगाय को निकालने शुक्रवार को वन विभाग के कर्मचारी पहुंचे। 1 घंटे की मशक्कत के बाद नील गाय निकाली गई। दो गायों में एक की मौत हो चुकी थी। राजाखेड़ी निवासी संतोष धनगर ने बताया गांव के राजपालसिंह व भंवरलाल के कुएं में करीब 5 दिन पहले दो नील गाय गिर गई। 7 फरवरी को ग्रामीणों ने कुएं में नीलगाय देखी और वनविभाग के अधिकारियों को सूचित किया। 8 फरवरी को वन विभाग के कर्मचारी पहुंचे लेकिन साधन नहीं होने का बोलकर लौट गए। शुक्रवार सुबह 11 बजे एक बार फिर कर्मचारी पहुंचे और जाल डालकर ट्रैक्टर की सहायता से नील गायों को निकाला । इनमें एक नील गाय मर चुकी थी। डिप्टी रेंजर निरंजन भारद्वाज ने बताया नील गायों को निकाला जा चुका है। एक की मौत हो गई एक जीवित थी।