टब में डूबने से दो साल की बालिका की मौत
भास्कर न्यूज | पिपलियामंडी (मंदसौर)
छतपर खेल रही एक 2 साल की बालिका की सोमवार को पानी से भरे टब में डूबने से मौत हो गई। बालिका 15 दिन पहले मां के साथ नाना के यहां आई थी। परिजन के अनुरोध पर डॉक्टर ने बच्ची का पीएम नहीं किया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज नहीं किया है।
जानकारी के अनुसार पानमोढ़ी, प्रतापगढ़ (राजस्थान) निवासी पुष्पा पति भगवती चौधरी 15 दिन पहले 2 साल की बेटी मिताली के साथ फाटक मोहल्ला स्थित पिता सुरेश चौधरी के यहां आई थी। उसका भाई संतोष चौधरी वार्ड 2 से कांग्रेस पार्षद है।
सोमवार सुबह 10 बजे पूरा परिवार छत पर था। इसी दौरान मिताली खेलते हुए गैलरी में रखे पानी से भरे टब में गिर गई। मुंह के बल गिरने से उसकी आवाज भी नहीं आई। थोड़ी देर बाद मिताली का बड़ा भाई प्रतीक (5) गैलरी में गया तो घटना का पता चला। परिजन बालिका को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां डॉ. आर.के. खाद्योत ने उसे मृत घोषित कर दिया।