आज विराजेंगी माता रानी, होगी घट स्थापना
नवरात्रमहोत्सव धूमधाम से मनाने की तैयारियां मुरैना जिले के देवी मंदिरों में पूरी कर ली गई हैं। गुरुवार को मातारानी के दरबारों में घट स्थापना की जाएगी। साथ ही देवी मां की झांकियां भी जगह-जगह सजाई जा रही हैं। जिनके लिए बुधवार को देवी मां की प्रतिमाओं की खरीदारी चलती रही। ज्यादातर प्रतिमाएं मुरैना से ही खरीदी गईं। क्योंकि यहां कोलकाता बंगाल के कारीगरों ने एक महीने पहले ही आकर प्रतिमाओं का निर्माण कर लिया था।
शारदीय नवरात्र महोत्सव 25 सितंबर से शुरू होगा, जिसमें देवी मां के मंदिरों में घटस्थापना ब्रह्म मुहूर्त में की जाएगी। माता बसैया के युवराज महंत संतोष पुरी बताते हैं कि प्रथम दिन मां का आह्वान करके उन्हें विराजमान किया जाएगा और फिर नित्यप्रति सुबह शाम मां की मंगल आरती की जाएगी। उल्लेखनीय है कि शहर से 20 किलोमीटर दूर स्थित माता बसैया मंदिर में विराजीं देवी काली माता हैं, जो सिद्ध मूर्ति है।