बिजली लाइन टूटी, मोहल्लों में अंधेरा
दिनभर की बारिश से परेशान रहे लोगों को शाम के समय बिजली की परेशानी झेलनी पड़ी। क्योंकि शाम गहराते ही बिजली गुल हो गई, जो देर रात तक आई। बीच में कुछ देर को हालात सुधरे, लेकिन 15 मिनट बाद ही बिजली फिर गुल हो गई। बारिश से बिजली की तार लाइनों में भी कई जगह गड़बड़ी हुई और ढीली लटक रही लाइनें स्पार्किंग से टूट गईं। इससे बिजली गुल हो गई। फिर मेंटेनेंस कार्य के लिए बिजली की समूचे इलाके की सप्लाई अलग-अलग क्षेत्रों में बंद की गई।
शहर के पुराना बस स्टैंड इलाके में गांधी कॉलोनी की ओर के हिस्से में तार टूटने से यहां बिजली की सप्लाई बंद हो गई। इसके कारण टीआईटी काम्पलेक्स, गांधी कॉलोनी रोड, गांधी कॉलोनी, वाटरवर्क्स रोड, नाला किनारे का क्षेत्र अंधेरे में रहा। उधर बाजार में शाम से रात तक तीन बार बिजली गुल हुई। शहर की केशव कॉलोनी, नैनागढ़ रोड, माधौपुरा, महावीरपुरा, फाटक बाहर बस्ती, रामनगर, सुभाष नगर, न्यू आमपुरा, आमपुरा, रविदास नगर समेत सिद्ध नगर इलाके में चार बार बिजली गुल हुई। यहां देर रात तक मेंटेनेंस का काम चलता रहा।