- Hindi News
- अंबाह से अपहृत हुआ सोनू दिल्ली में मिला, आरोपी भागे
अंबाह से अपहृत हुआ सोनू दिल्ली में मिला, आरोपी भागे
सोनू को छोड़ने के लिए आरोपी, िपता से मांग रहे थे पांच लाख की फिरौती।
भास्करसंवाददाता| अंबाह
जयेश्वररोड पर रहने वाले सोनू राठौर का शुक्रवार की शाम चार लोग कट्टे की नोक पर अपहरण कर ले गए। अपहृत को छोड़ने के एवज में बदमाश सोनू के पिता से पांच लाख रुपए की मांग कर रहे थे। अंबाह पुलिस ने शुक्रवार की देर रात ही अपहरण का मामला दर्ज कर सोनू की तलाश शुरू कर दी थी। रात एक बजे परिजन को सूचना मिली कि सोनू को दिल्ली पुलिस ने निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर अपने कब्जे में लिया है। मुरैना पुलिस की क्राइम ब्रांच शाखा के साथ दिल्ली पहुंचकर शनिवार को परिजन सोनू को अंबाह ले आए हैं। इस अपहरण कांड में अंबाह के कुछ लड़के शामिल होना बताए गए हैं, लेकिन अभी पुलिस ने उनके नाम उजागर नहीं किए हैं।
अपहरणकर्ताओं से मुक्त हुए सोनू ने दिल्ली से लौटने के बाद पुलिस अधिकारियों को बताया कि शुक्रवार दोपहर तीन बजे वह घर से बाजार जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में चार लोगों ने कट्टे की नोक पर मुझे एक वाहन में बैठा लिया। इसके बाद वे मुझे मुरैना ले गए। जहां से ट्रेन द्वारा मुझे दिल्ली ले जाया गया। निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर लघुशंका के लिए जाते समय सोनू जोर-जोर से चिल्लाने लगा। यह देख दिल्ली पुलिस का ध्यान सोनू की ओर आकर्षित हुआ। पुलिस को देख सोनू का अपहरण करने वाले बदमाश भाग गए। सोनू से पूछताछ करने के बाद दिल्ली पुलिस ने परिजन को सूचित किया।
टीम दबिश दे रही है
^अपहरणकर्ताओंके संभावित ठिकानों पर पुलिस टीम दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। किशोरसिहं भदौरिया, एसडीओपी