- Hindi News
- ‘किसानों की उन्नति का सुगम रास्ता है सहकारिता’
‘किसानों की उन्नति का सुगम रास्ता है सहकारिता’
मुरैना| बुरहानपुरविधायक मुरैना जिले की पूर्व प्रभारी मंत्री अर्चना चिटनीस ने कहा है कि सहकारिता क्षेत्र किसानों की उन्नति का एक सुगम रास्ता है। इस पर चलकर किसान बहुत कुछ हासिल कर सकते हैं। क्योंकि जिन लोगों ने सहकारिता क्षेत्र में कदम रखा है वे आज संपन्न हैं। पूर्व मंत्री श्रीमती चिटनीस ने यह बात गुरुवार को मुरैना रेस्टहाउस पर दैनिक भास्कर से चर्चा में कही। पूर्व मंत्री यहां जिला सहकारी बैंक के चुनावों के संबंध में भाजपा की स्थिति मजबूत करने आई थीं। यहां उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनसे सहकारी बैंक चुनाव में भाजपा की जीत के लिए जी-जान से जुटने को कहा। पूर्व मंत्री श्रीमती चिटनीस ने भास्कर से चर्चा में आगे कहा कि आज देश में भाजपा की सरकार है, प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है तो सहकारिता क्षेत्र काफी विकसित हो रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिए कृत संकल्पित हैं। इसमें सहकारिता का बहुत बड़ा रोल है। इसलिए किसानों को सहकारिता के क्षेत्र में आकर अपना विकास करना चाहिए। पूर्व मंत्री ने कहा कि सहकारिता को स्व-सहायता समूहों ने अपनाया है, जिसमें आज महिलाएं आत्मनिर्भर हुई हैं। इसी तरह किसानों को भी सहकारिता से जुड़ना चाहिए और अपना विकास सुनिश्चित करना चाहिए, उनके इस प्रयास में भाजपा उनके साथ है।