हत्या बलात्कार के आरोपी पकड़े
एकमाह पहले शहर से हत्या कर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने ग्वालियर में दबोचा है। कत्ल 6 जनवरी को पुराना बस स्टैंड इलाके में हुआ था। उधर दो नाबालिग बालिकाओं का अपहरण कर बलात्कार करने वाले आरोपी भी पुलिस के हाथ लगा है।
पुलिस काॅन्फ्रेंस हॉल में आयोजित प्रेसवार्ता में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया ने बताया कि सिहोरी गांव में रहने वाले किशोर सिंह सिकरवार ने अपने ही गांव के उदय सिंह पुत्र कप्तान सिंह को पुरानी रंजिश के चलते गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश में कई जगह दबिश दी, लेकिन सफलता हाथ नहीं रही थी क्योंकि वह लगातार छिपने के ठिकाने बदल रहा था। दबाव बनाने के लिए किशोर सिंह पर पांच हजार रुपए का इनाम घोषित हुआ और पुलिस ने भी मुखबिर तंत्र के जरिए गिरफ्तारी के प्रयास तेज किए तो पता चला कि वह ग्वालियर में शरण लिए हुए हैं। सूचना के आधार पर एक टीम गठित कर आरोपी को मंगलवार की सुबह 8 बजे ग्वलियर के गांधी नगर इलाके में दबोच लिया।
एक अन्य मामले की जानकारी देते हुए एएसपी ने बताया कि अम्बाह में रहने वाले सुरेन्द्र सिंह माहौर 28मई 2014 को पाल का पुरा निवासी दो नाबालिग बहनों को बहला-फुसलाकर भगा ले गया था। इस संबंध में बालिकाओं की मां ने स्टेशन रोड थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस विवेचना के दौरान अपहृत छोटी लडकी तो 24 अगस्त 2014 को वापस गई जिसकी सूचना पर सुरेन्द्र के खिलाफ दर्ज मामले में बलात्कार की धारा का इजाफा किया गया।
लेकिन दूसरी लड़की की तलाश में पुलिस लगातार प्रयासरत थी। इसी बीच सूचना मिली कि आरोपी मथुरा में छिपा हुआ है। सूचना पाकर मथुरा पहुंची पुलिस ने आरोपी सुरेन्द्र को गिरफ्तार कर बालिका को मुक्त करा लिया है। आरोपी पर तीन हजार रुपए का इनाम भी घोषित था। पुलिस के मुताबिक बालिका को 8 माह का गर्भ है।
स्टेशन रोड थाना पुलिस ने अपहरण और दुष्कर्म के आरोपी को किया गिरफ्तार।