- Hindi News
- गांवों की प्रमुख सड़कें हो रहीं जर्जर सीएम कलेक्टर को भेजा ज्ञापन
गांवों की प्रमुख सड़कें हो रहीं जर्जर सीएम कलेक्टर को भेजा ज्ञापन
क्षेत्रवासियों ने कहा- विजयपुर क्षेत्र की सड़कें हो गई जर्जर
भास्करसंवाददाता| विजयपुर
वर्षोंसे मेंटेनेंस के अभाव में विजयपुर नगर सहित प्रमुख ग्रामीण मार्गों की सड़कें दम तोड़ने लगी है। सड़कों की हालत खस्ता होने से क्षेत्र के एक सैकड़ा गांवों के लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लेकिन विभागीय अधिकारी जर्जर मार्गों की सुध नहीं ले रहे हैं। परेशान क्षेत्रवासियों ने गुरुवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री और कलेक्टर को ज्ञापन भेजकर विजयपुर क्षेत्र की सड़कों का आवश्यक मेंटेनेंस कराने की मांग की है।
क्षेत्रवासियों ने प्रेषित ज्ञापन में बताया है कि किसी भी क्षेत्र के विकास के लिए अच्छी सड़कें और बेहतर परिवहन साधन जरूरी होते हैं। लेकिन विजयपुर क्षेत्र की सड़कें समुचित रख-रखाव के अभाव में दम तोड़ रही है। बृजमोहन गुप्ता, रामकुमार गोयल, गौरव, शर्मा, केदार शर्मा, मातादीन नामदेव आदि लोगोंं ने ज्ञापन के जरिए बताया कि कई मर्तबा मांग करने के बावजूद संबंधित विभाग खस्ताहाल सड़कों की सुध नहीं ले रहे हैं। जिससे सिर्फ जर्जर सड़कों पर आए दिन लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं, बल्कि क्षेत्र का आर्थिक सामाजिक विकास भी अवरुद्ध हो रहा है। करीब 35 किमी लंबे विजयपुर-धोबनी मार्ग पर दो-दो फीट गहरे गड्ढे हो गए हैं।
गड्ढों के कारण लोगों का सफर कष्टप्रद हो रहा है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों की जरा सी चूक होते ही दुर्घटना तय होती है। ग्रामीणों ने बताया कि पैचवर्क की मांग कई साल से करते रहे हैं लेकिन विभाग ध्यान नहीं दे रहा है। धोबनी - सहसराम मार्ग अत्यंत जर्जर हालत में है। बीते छह साल से मेंटेनेंस नहीं कराया गया है। इस मार्ग से 40 गांवों के लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं। सड़क पर गड्ढों के अलावा बिखरी पड़ी गिट्टियों के बीच लोगों का चलना दूभर हो गया है। नगर के बीच से गुजर रहा शिवपुरी-मुरैना रोड की साइड कटी हुई है। जिससे मार्ग सिकुड़ गया है। नगर में अस्पताल से लेकर बस स्टैंड तक सड़क की हालत ज्यादा खराब है। जिससे आए दिन छोटी बड़ी दुर्घटनाओं के लोग शिकार हो रहे हैं। पीडब्ल्यूडी के अधिकारी क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराने के बजाए मौजूदा दुर्दशा के लिए नगर परिषद पर पल्ला झाड़ रहे हैं।
मुरैना-शिवपुरी रोड जो विजयपुर नगर के बीच साइड कटने से सिकुड़ गया है।
पानी रोड पर बहता है
^विजयपुर-धोबनीमार्ग आगामी मार्च तक आरडीसी को हैंडओवर होना है। इस वजह से इस सड़क की मरम्मत का काम नहीं कराया जा सका है। वहीं धोबनी- सहसराम मार्ग की आधी सड़क ककैटो डैम में जा रही है। इसका काम जल संसाधन विभाग करेगा। जहां तक शिवपुरी मुरैना रोड का सवाल है तो इसकी हालत ज्यादा खराब तो नहीं हैं। नगर में बारिश का पानी रोड पर बहता है, जिससे रोड की साइडें कट जाती है। इसमें नगरपरिषद को भी रोड पर पानी का बहाव रोकने के इंतजाम करने चाहिए। पीकेश्रीवास्तव, ईई, लोक निर्माण विभाग श्योपुर।
पांच साल से नहीं हुई विजयपुर मार्ग की मरम्मत
करीब25 किमी लंबे विजयपुर-अगरा मार्ग पिछले पांच साल से मरम्मत की बाट जोह रहा है। इस मार्ग पर पड़ने वाली छोटी-बड़ी छह पुल और पुलिया भी क्षतिग्रस्त हालत में है। सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे नजर आते हैं। डामर उखड़ चुका है। सड़क पर गिट्टियां बिखरी पड़ी है। जिससे इस मार्ग पर पड़ेने वाले 50 गांवो के लोग परेशान हो रहे हैं।