- Hindi News
- बच्चे का अपहरण कर भागा बदमाश, ग्रामीणों ने छुड़ाया
बच्चे का अपहरण कर भागा बदमाश, ग्रामीणों ने छुड़ाया
शहरके फाटक बाहर क्षेत्र से ढाई साल के एक बच्चे का अपहरण गुरुवार की देर शाम एक बदमाश ने कर लिया। यह बच्चा एक जीप में बैठा था, जिसके इग्नीशन में चाबी लगी थी। इस जीप का डीजल किशनपुर गांव में खत्म हो जाने पर ग्रामीणों ने अपहृत बच्चे को बदमाश के कब्जे से मुक्त करा लिया, लेकिन बदमाश कट्टे से फायरिंग करता हुआ भाग निकला।
ग्वालियर महारापुरा के डीडी नगर में रहने वाले देवेंद्र सिंह गुर्जर के ढाई वर्षीय पुत्र ईशू उर्फ राजदीप को गुरुवार को उनके चचेरे ससुर काशीप्रसाद निवासी कंचनपुर दिमनी अपने साथ लेकर मुरैना आए थे। यहां से इन्हें कंचनपुर जाना था। उनके साथ उनके भतीजे रनवीर लोकेंद्र भी थे। ये लोग मुरैना में फाटक बाहर क्षेत्र में खरीदारी के लिए रुके। यहां इन्होंने महिंद्रा जीप में चाबी इग्नीशन में लगी छोड़ दी, साथ ही बच्चा भी जीप में ही बैठा रहा। ये लोग जब सामने दुकान पर खरीदारी कर रहे थे तभी करीब 25 वर्षीय एक बदमाश ने गाड़ी को स्टार्ट किया और बच्चे समेत जीप को ले भागा। जीप से बच्चे को लेकर भाग रहे बदमाश की गाड़ी का किशनपुर गांव में डीजल खत्म हो गया। इतने में ही वहां भीड़ बढ़ गई। तब बदमाश ने कट्टे से फायर किया और भाग निकला। इसके बाद मौके पर काशीप्रसाद, रनवीर, लोकेंद्र समेत पुलिस पहुंच गई।
एएसपी रघुवंश भदौरिया को मामले की जानकारी देते परिजन।