किराना व्यवसायियों का कहना है कि गलत कार्रवाई का विरोध किया जाएगा
मुरैना। शहर की मिर्च बजरिया से अस्थायी अतिक्रमण साफ कराने गई नगर पालिका की मदाखलत टीम को व्यापारी दुकानदारों ने खदेड़ दिया। गुस्साए व्यापारियों ने परिषद के वाहनों पर पथराव किया जिससे उनके शीशे टूट गए। बाजार से सामान उठाने के विरोध में दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान कुछ समय के लिए बंद रखे।
शनिवार की पूर्वाह्न 11.30 बजे नगर पालिका का मदाखलत दस्ता मिर्च बजरिया में अस्थायी अतिक्रमण साफ कराने के लिए पहुंचा। दस्ता के कर्मचारियों ने नालियों के ऊपर रखे दुकानदारों के सामान का समेटना शुरू किया तो दुकानदारों ने इसका विरोध किया। गोपाल दास गोयल की दुकान के बाद जब गर्ग किराना स्टोर से परचून का सामान उठाया गया तो व्यापारी भड़क गए। व्यापारियों ने और दुकानदारों को साथ लेकर मदाखलत दस्ते के कर्मचारियों से झूमाझटकी शुरू कर दी। लड़ाई-झगड़े का सीन देखकर बाजार में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। दुकानदार जब्त सामान को वापस लेने का प्रयास करने लगे तो मदाखलत दस्ता के कर्मचारी उसे अपने कब्जे में बनाए रखने का।
इसके चलते दुकानदारों ने पथराव कर नगर पालिका की टाटा सूमो एमपी06 बी 1494 के शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए। पथराव होता देख मदाखलत दस्ता मौके से भाग निकला। इस संबंध में मुरैना डिप्टी कलेक्टर रूपेश उपाध्याय का कहना है कि मिर्च बजरिया में रास्ते से वाहन हटवाने के दौरान दुकानदारों की नगर पालिका के कर्मचारियों से कहा-सुनी हो गई।
मिर्च बजरिया में नगरपालिका के खिलाफ नारेबाजी करते दुकानदार
कर्मचारी सामान उठाकर चल दिए
किरानाव्यवसायी एसोसिएशन के अध्यक्ष श्रीकृष्ण मित्तल ने कहा कि मदाखलत दस्ता के कर्मचारी , अतिक्रमण के नाम पर ग्राहकों का पैक किया हुआ सामान उठाकर चल दिए। इसके अलावा दुकानों के मुख्य द्वार पर रखे सामान को भी कर्मचारियों ने उठाकर गाड़ी मेें डाल लिया। ये तो दुकानदारों के साथ अन्याय है। नाली के ऊपर से सामान हटवाने की बात है तो नगर पालिका पहले नालियों के ऊपर लोहे की जालियां तो रखवाए।
साथ ही दुकानदारों को एक बार ताकीद करे कि उन्हें अमुक हद से आगे सामान रखने की छूट नहीं होगी। उसके बाद नियम का उल्लंघन करने दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई करना वाजिब लगता है। शनिवार की कार्रवाई देखकर ऐसा लगा जैसे नगर पालिका के कर्मचारी, दुकानदारों से किसी बात का बदला लेने आए हों।