सूअर मारने चलाई गोली किसान को लगी
मुरैना|सांगोली गांवके हार में रविवार को कुछ लोगों ने सूअर मारने के लिए बंदूकों से खेतों के बीच फायर किए। इसकी गोली एक युवा किसान के दोनों पैरों को पार कर गई। युवक को गंभीर हालत में जेएएच ग्वालियर भेजा गया है। वहां उसके पैर का ऑपरेशन किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार विजेंद्र शर्मा (35) पुत्र मायाराम शर्मा निवासी रामनगर मुरैना सांगोली गांव के अर्जुन पंडित के यहां गए थे। रविवार को वे हार में मेंड़ पर बैठे घास काट रहे थे, इसी दौरान उनके पैरों से गोली पार हो गई। यह फायर उन लोगों ने किया था जो खेतों की फसल नष्ट करने वाले जंगली सूअरों को मार रहे थे। डीएसपी हेडक्वार्टर अंजुलता पटले का कहना है कि घायल युवक का इलाज चल रहा है, इसलिए बयान नहीं हो पाए हैं। सांगोली गांव में पुलिस टीम भेजी है, वहां पता कर रहे हैं कि गोली कैसे किसने चलाई।