महिला के गले से सोने की जंजीर लूटी
मुरैना| शहरके मिल एरिया रोड तिराहे पर एक महिला के गले से दो लुटेरों ने सोने की जंजीर लूट ली। दोनों लुटेरे एक बाइक पर सवार थे। लूट की वारदात के बाद पुलिस ने शहर के चौराहों पर नाकाबंदी करके चेकिंग कराई, लेकिन खबर लिखे जाने तक लुटेरे पकड़े नहीं गए थे। जानकारी के अनुसार मिल एरिया रोड तिराहा इलाके में रहने वालीं ऊषादेवी अग्रवाल बाजार से अपने घर के लिए जा रही थीं। वे घर पहुंचने ही वाली थीं कि तिराहे पर बाइक से आए दो युवकों में से एक ने उनके गले पर झपट्टा मारकर उनकी सोने की जंजीर लूट ली और बाइक भगा ले गए। जंजीर लुटते ही ऊषादेवी चिल्लाईं, लेकिन किसी ने भी लुटेरों को नहीं पकड़ा। इसकी सूचना पुलिस को मिली तो पुलिस ने सभी चौराहों पर नाकाबंदी करके बाइक सवारों को चेक करना शुरू किया।