1 घंटे में मिले 12 अवैध नल कनेक्शन, 7 को किया वैध
नगर में बड़ी संख्या में लोगों ने अपने घरों में अवैध नल कनेक्शन लगा रखे हैं। जलकर की वसूली अभियान के दौरान खुलासा हो रहा है। राजीव गांधी वार्ड में रविवार को एक घंटे के भीतर नपाकर्मियों को 12 अवैध नल कनेक्शन मिले। लोगों ने नपा की मुख्य पेयजल पाइप लाइन को क्षतिग्रस्त कर घरों में नल कनेक्शन लगा रखे थे।
जलशाखा प्रभारी संतोष शिवहरे ने बताया लोग जलकर की राशि जमा करने में रूचि नहीं ले रहे हैं। जिससे वार्डों में भ्रमण कर जलकर वसूला जा रहा है। अभियान के दौरान अवैध नल कनेक्शन का भी खुलासा हो रहा है। राजीव गांधी वार्ड में जलकर की वसूली के दौरान 12 घरों में अवैध नल कनेक्शन मिले। जिसमें से 7 कनेक्शनधारियों ने निर्धारित जुर्माना अदा कर कनेक्शन वैध कराए है। पांच अवैध नल कनेक्शन काटने की कार्रवाई की है। संतोष शिवहरे ने बताया पाइप लाइन को क्षतिग्रस्त करना अपराध है।
इसके बाद भी लोग नपा को सूचना दिए बिना ही अपने मनमर्जी से नल कनेक्शन कर लेते हैं। अब ऐसे लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। सीएमओ मोहम्मद सलीम ने बताया राजीव गांधी वार्ड से 72 हजार रुपए जलकर की वसूली की गई है। अवैध नल कनेक्शन और जलकर बकायादारों के घरों के नल कनेक्शन काटने की कार्रवाई भी की गई है।
फोटो 4
मुलताई। नपाकर्मियों ने अवैध नलकनेक्शन काटने की कार्रवाई की।