- Hindi News
- गायत्री परिवार सामूहिक साधना से तैयार करेंगे क्षेत्र में रक्षा कवच
गायत्री परिवार सामूहिक साधना से तैयार करेंगे क्षेत्र में रक्षा कवच
ताप्तीतट स्थित गायत्री शक्ति पीठ में गायत्री परिवार की तहसील स्तरीय गोष्ठी हुई। जिसमें सामाजिक कुरीतियों को दूर करने, पर्यावरण और संस्कृति को बचाने पर चर्चा की। गायत्री परिवार के साधकों ने सामूहिक साधना कर क्षेत्र में रक्षा कवच तैयार करने का संकल्प लिया।
सिवनी से आए रामप्रसाद वर्मा ने प्रज्ञा मंडल, महिला मंडल, युवा मंडल, नवचेतना केंद्रों के सदस्यों को सक्रिय रूप से कार्य करने और गुरूदेव के सप्त सूत्रीय आंदोलन को चलाने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मंडल अपने-अपने क्षेत्र में सामूहिक साधना करे। जिससे एक रक्षा कवच तैयार होगा। मंडल संयोजक डॉ. कैलाश वर्मा ने पंच महाअभियान की जानकारी देते हुए कहा कि इस अभियान के तहत जल स्रोतों को शुद्ध रखना है। जिला युवा प्रकोष्ठ समन्वयक डीडी उइके, दीपचंद्र मालवीय ने गांवों को नशा मुक्त बनाने के लिए अभियान में तेजी लाने की समझाइश दी।
टीके चौधरी ने कहा कि गायत्री परिवार नदियों को प्रदूषण से बचाने के लिए राष्ट्रव्यापी अभियान चला रहा है। गायत्री परिवार मुलताई भी मां ताप्ती को प्रदूषण से बचाने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चला रहा है। शक्तिपीठ के प्रमुख ट्रस्टी डॉ. रामदास गढ़ेकर ने गायत्री परिवार द्वारा चलाई जा रही गतिविधियों के संबंध में जानकारी दी। गोष्ठी में तीन दर्जन से अधिक गांवों के सदस्य शामिल हुए।