- Hindi News
- बिजली कंपनी ने 3 दुर्गा मंडलों पर किया जुर्माना
बिजली कंपनी ने 3 दुर्गा मंडलों पर किया जुर्माना
पंडालों का निरीक्षण किया, काटी रसीदें
आमला|तहसीलदारदिनेश सांवले एवं विद्युत वितरण कंपनी के शहर एई सुमित सोनी ने गुरुवार को नगर में दुर्गा उत्सव के लिए तैयार किए गए डेढ़ दर्जन पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान आयोजन समिति के पदाधिकारियों के पास बिजली कनेक्शन की रसीदों की जांच की गई। जिन समितियों के पास रसीदें नहीं थी, उन्हें मौके पर ही रसीद काटकर दी गई। एई श्री सोनी ने बताया कि निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा। गुरुवार को 14 पंडालों की आयोजन समितियों के पास रसीदें नहीं थी।
नगर संवाददाता|मुलताई
बिजलीचोरी कर दुर्गा पंडालों को सजाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। बुधवार रात 12 बजे तक एसडीएम पंकज जैन ने नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के सार्वजनिक मंडलों का निरीक्षण किया। तीन पंडालों में बगैर कनेक्शन लिए बिजली चोरी की जा रही थी। तीनों पंडालों में जुर्माने की कार्रवाई कर सार्वजनिक मंडलों के अध्यक्षों को विद्युत वितरण कंपनी में निर्धारित राशि जमा कर कनेक्शन लेने की समझाइश दी है। पिछले दो दिनों से एसडीएम श्री जैन, नगर पालिका सीएमओ मोहम्मद सलीम, विद्युत वितरण कंपनी के कनिष्ठ यंत्री जेएस राठौर पंडालों में पहुंचकर विद्युत कनेक्शन की व्यवस्था देख रहे हैं। बुधवार रात को महावीर वार्ड, चंदोरा, रामनगर, परमंडल में लगे पंडालों में पहुंचकर जांच की। खुले में बिजली के तार दिखाई देने पर श्री जैन ने नाराजगी व्यक्त की। कंपनी के कनिष्ठ यंत्री श्री राठौर ने बताया कि महावीर वार्ड, चंदोरा और परमंडल के पंडाल में बगैर कनेक्शन के बिजली का उपयोग किया जा रहा था। तीनों पंडालों का पंचनामा बनाकर जुर्माना किया गया। श्री राठौर ने बताया कि 67 सार्वजनिक मंडल है। जिसमें से अभी तक 25 मंडलों ने ही कनेक्शन लिए है। सात मंडलों में मंदिर से बिजली सप्लाई हुई हैं। सभी मंडलों की जांच की जा रही है।