मकान में लगी आग, दो लाख की सामग्री जली
मुलताई. नगरकोटगांव में शनिवार की सुबह मकान में आग लगने से दो लाख रुपए की सामग्री जल गई। नगर पालिका की फायर ब्रिगेड ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। गणेश दवंडे के मकान में से सुबह धुआं उठने लगा। इस दौरान मकान में श्री दवंडे की मां मालाबाई थी। उन्होंने जब अंदर जाकर देखा तो कमरे में आग भभक रही थी। आसपास के लोगों को आग बुझाने के लिए आवाज लगाई। ग्रामीणों ने घरों से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने नपा की फायरब्रिगेड को बुलाया। फायर ब्रिगेड ने पहुंचकर आग बुझाई। श्री दवंडे ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग लगने से 80 हजार रुपए नकद, घरेलू सामग्री, कपड़े, अनाज सहित अन्य सामग्री जलकर राख हो गई।