नुकसान से कम मिला मुआवजा
मुलताई. फसलको हुए नुकसान के बदले राष्ट्रीय कृषि बीमा योजना के तहत किसानों को क्लेम राशि दी जा रही है। नुकसान के एवज में नाममात्र का क्लेम मिलने से किसान नाराज है। शनिवार को किसानों ने इस संबंध में तहसीलदार अशोक डेहरिया को आवेदन भी दिया है। परमंडल सहित अन्य गांवों के किसान पूर्व विधायक डॉ. सुनीलम के साथ तहसील कार्यालय पहुंचे। किसानों ने तहसीलदार को बताया जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित बैतूल के अंतर्गत कार्यरत सेवा सहकारी समिति परमंडल के सीमा क्षेत्र में शामिल दस गांवों में अलग-अलग आनावरी के आधार पर क्लेम दिया गया है। 2013 में सभी गांवों में 50 प्रतिशत से अधिक खरीफ की फसल खराब हुई थी। इसके बाद भी नुकसान केवल 14 से 41 प्रतिशत तक दर्शाई गई है। परमंडल के जिन किसानों की जमीन बाड़ेगांव की सीमा क्षेत्र में हैं उन किसानों को 19 प्रतिशत के नुकसान के आधार पर क्लेम की राशि दी गई है।