सीईओ ने सरपंच और सचिव को थमाए नोटिस
ब्लॉक के ग्रामपंचायत कामथ के सरपंच और सचिव ने निर्मल भारत योजना के तहत अपात्र लोगों को भी शौचालय निर्माण के लिए चेक जारी कर दिए है। इस संबंध में ग्रामीणों ने एसडीएम पंकज जैन से शिकायत की थी। शनिवार को जनपद पंचायत के सीईओ मनीष शेंडे नोटिस जारी कर सरपंच और सचिव को अपात्र हितग्राही को चेक जारी करने के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा है। संतोषजनक जबाव नहीं देने पर आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की चेतावनी दी है। कामथ के संतोष डोंगरदिये ने सरपंच लक्ष्मण फुलवार और सचिव सोनोरीलाल फरकाड़े पर अपात्र हितग्राहियों को चेक जारी कर शासन की राशि का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। श्री डोंगरदिये ने बताया था कि ग्राम पंचायत ने शौचालय निर्माण के लिए ऐसे लोगों को चेक जारी किए है जिनके यहां पहले से ही शौचालय बने हुए है। किराए के मकान में रहने वालों को भी चेक जारी किए गए है। इस प्रकार पचास से अधिक अपात्रों को 12-12 हजार रुपए के चेक जारी हुए है। सरपंच और सचिव ने मिलकर शासन की 9 लाख 60 हजार रुपए का दुरुपयोग किया है। शिकायत पर एसडीएम श्री जैन ने जनपद पंचायत सीईओ को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनपद पंचायत सीईओ मनीष शेंडे ने कामथ के सरपंच और सचिव को नोटिस जारी कर अपात्रों को चेक जारी करने का जवाब प्रस्तुत करने को कहा है। श्री शेंडे ने बताया कि सरपंच और सचिव द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं देने पर आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाएगा।
चेक जारी करने का मामला