- Hindi News
- केरोसिन से चल रही थी स्टोन क्रेशर की मशीन जब्त
केरोसिन से चल रही थी स्टोन क्रेशर की मशीन जब्त
राजस्वऔर खाद्य विभाग की टीम ने मंगलवार को मुलताई से पंखा नेशनल हाईवे के किनारे स्थित स्टोन क्रेशर और होटलों की जांच की। जांच के दौरान एक क्रेशर में लगी मशीन और जनरेटर में नीला केरोसिन मिला।
टीम ने केरोसिन और जनरेटर जब्त किया है। चाय की दुकान में घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग होता पाया गया। आमला तहसीलदार दिनेश साल्वे, नायब तहसीलदार सविता यादव, बीसी सनोडिया, सहायक खाद्य अधिकारी देवेंद्र खोबरिया की टीम ने हाईवे के किनारे स्थित दर्जन भर स्टोन क्रेशर की जांच की। अंबाड़ा गांव की सीमा में स्थित स्टोन क्रेशर की मशीन और जनरेटर में नीला केरोसिन मिला।
सहायक खाद्य अधिकारी श्री खोबरिया ने बताया कि केरोसिन और जनरेटर जब्त कर संचालक उपेंद्र सूर्यवंशी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पंखा पर स्थित एक चाय की दुकान में घरेलू सिलेंडर मिला। सिलेंडर, गैस चूल्हा, रेगुलेटर जब्त कर कार्रवाई की गई है। टीम की इस कार्रवाई से स्टोन क्रेशर संचालकों में हड़कंप मच गया है।