नरखेड़ के ग्रामीणों ने कहा-
हीरालालधुर्वे ने बताया कि उनके यहां शौचालय का निर्माण कार्य शुरू ही नहीं हुआ है। दस्तावेजों में 5 फरवरी 2014 को निर्माण कार्य शुरू और 31 मार्च 14 को कार्य पूरा होना दर्शाया गया है। भीमराव पंडाग्रे ने बताया कि शौचालय निर्माण के लिए गड्ढों की खुदाई करने के बाद काम बंद कर दिया। कार्य पूर्ण बताकर 4600 रुपए की राशि सरपंच और सचिव ने आहरित कर ली है। राजू देशमुख ने बताया कि स्वयं के पास से रुपए लगाकर शौचालय का निर्माण किया है। अब ग्राम पंचायत राशि देने से इंकार कर रही है।
नगर संवाददाता|मुलताई
ग्रामपंचायत नरखेड़ के ग्रामीणों ने सरपंच और सचिव पर निर्मल भारत अभियान के तहत शौचालय निर्माण की फर्जी तरीके से राशि आहरित करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने एसडीएम पंकज जैन से शिकायत करते हुए जांच की मांग की है। ग्रामीण राजू देशमुख, भीमराव पंडाग्रे आदि ने बताया कि निर्मल भारत अभियान के तहत बीपीएल परिवारों के लिए शौचालय का निर्माण होना था। सरपंच और सचिव ने बीपीएल के हितग्राही से 900 रुपए जमा कराए। कुछ हितग्राहियों के यहां दो साल से काम शुरू हीं नहीं कराए है। हितग्राहियों के मकानों में शौचालय का निर्माण कराए बगैर ही हितग्राहियों के फर्जी हस्ताक्षर से राशि का आहरण कर लिया गया है। रिकार्ड में शौचालय का निर्माण कार्य पूरा होना दर्शाया गया है। शौचालय निर्माण सहित सभी कार्यों की जांच की जाना चाहिए।