जल संकट: लगातार सूख रहे ट्यूबवेल, निपटना मुश्किल
दिसंबर-जनवरी में ही कम होने लगा था जलस्तर
वार्डों में नगरपालिका टैंकरों से पहुंचा रही पानी
भास्कर संवाददाता | मुलताई
जल संकट तेजी से गहराते जा रहा है। वर्तमान में तीन दिन के अंतराल में जलप्रदाय हो रहा है। तेजी से गिरते जल स्तर को देखते हुए आने वाले दिनों में जल संकट से निपटना मुश्किल हो जाएगा। इस साल बारिश कम होने से नपा के ट्यूबवेलों का जल स्तर भी दिसंबर-जनवरी महीने में ही कम होने लगा था। ऐसे में नपा ने दो दिन के अंतराल में पानी सप्लाई करने का निर्णय लिया था। ट्यूबवेलों का जल स्तर तेजी से गिरने से अब तीन दिन के अंतराल में पानी मिल रहा है। वर्तमान में नगर सीमा में स्थित नपा के 36 ट्यूबवेलों में से 13 में पानी खत्म हो चुका है। 14 ट्यूबवेल डेढ़ से दो इंच पानी दे रहे हैं। 9 ट्यूबवेल रुक-रुक कर पानी दे रहे हैं। ऐसे में नगर के वार्डों में समय पर जलप्रदाय भी नहीं हो पा रहा है। 4 वार्ड में नगरपालिका टैंकरों से पानी पहुंचा रही है।
अवैध नल कनेक्शन से हो रही परेशानी
लोगों ने नपा की मुख्य पेयजल पाइप लाइन को क्षतिग्रस्त कर अवैध कनेक्शन ले रखे हैं। इसके अलावा लोग जलकर राशि जमा करने में भी रुचि नहीं ले रहे। जिससे जल संकट से निपटने के लिए राशि की भी समस्या आ रही है। अब नपा ने अवैध नल कनेक्शनधारियों और जलकर की राशि जमा नहीं करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया है। शनिवार को नपा के जलशाखा के संतोष शिवहरे के नेतृत्व में नपाकर्मियों ने राजीव गांधी वार्ड में अवैध नल कनेक्शनधारियों और जलकर बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई की। जांच के दौरान 4 अवैध नल कनेक्शन मिले। इसके अलावा जलकर बकाया होने के बाद भी राशि जमा नहीं करने वाले 5 नल कनेक्शनधारियों के नल काटे। तीन लोगों ने राशि जमा कर कनेक्शन को वैध कराया। वार्ड में 62 हजार रुपए जलकर के वसूले।
सांडिया ट्यूबवेल को शहरी फीडर से जोड़ा
सांडिया की सीमा में नपा के चार ट्यूबवेल हैं। चारों में पानी है। ग्रामीण फीडर से जुड़े होने के कारण पर्याप्त नहीं मिल पाती थी। जिससे शहर में पानी पहुंचाने में दिक्कत होती थी। नपाध्यक्ष हेमंत शर्मा ने बताया ट्यूबवेलों को नगर फीडर से जोड़ा जा रहा है। जलसंकट से निपटा जा सके।