रेत माफियाओं ने जगह जगह बैठाए पहरेदार
अवैध परिवहन के पहले पहरेदार करते हैं गश्त
भास्कर संवाददाता | मुलताई
रेत और गिट्टी का बिना रायल्टी चुकाए अवैध परिवहन करने वालों पर खनिज विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जिससे रेत माफियाओं में हड़कंप है। अब रेत माफिया देर रात ट्रैक्टर-ट्रॉली और डंपर से रेत का परिवहन करने लगे हैं। इसके लिए बाकायदा पहरेदार लगा रखे हैं। रेत के वाहन निकलने के पहले पहरेदार बाइक से सड़क पर गश्त करते हैं। खनिज विभाग के अधिकारियों के वाहन नजर आने पर पहरेदार रेत से भरे डंपर और ट्रैक्टरों को रोक देते हैं। मोरखा, मंडला, बांगा सहित बेल नदी के किनारे स्थित गांवों से रात के समय रेत से भरे वाहन निकलते हैं।
अब छिंदवाड़ा जिले की सीमा में डंप कर रहे रेत
मोरखा गांव से कुछ दूरी पर बेल नदी के किनारे छिंदवाड़ा जिले की सीमा लग जाती है। ऐसे में रेत माफियाओं ने अब बेल नदी के किनारे मोरखा सहित आसपास गांवों में खेतों में अवैध रूप से संग्रहित करके रखी रेत को छिंदवाड़ा जिले की सीमा में स्थित मंडला गांव के आसपास डंप कर रहे हैं। खनिज निरीक्षक हितेश बिसेन ने बताया छिंदवाड़ा जिले की सीमा में डंप की अवैध रेत के संबंध में छिंदवाड़ा के खनिज अधिकारियों को जानकारी दी है।