- Hindi News
- पालकों ने बच्चों को स्कूल नहीं भेजने की चेतावनी दी
पालकों ने बच्चों को स्कूल नहीं भेजने की चेतावनी दी
मुलताई. अध्यापिका को हटाने की शिकायत करने अमरावती घाट के बच्चे पालकों के साथ जनपद पंचायत कार्यालय पहुंचे।
नगर संवाददाता|मुलताई
प्रभातपट्टन ब्लॉक के अमरावती घाट के प्राइमरी स्कूल के बच्चे और पालकों ने स्कूल में पदस्थ सहायक अध्यापिका को हटाने की मांग की है। बुधवार को पालकों के साथ बच्चों ने इस संबंध में प्रभात पट्टन पहुंचकर जनपद पंचायत के सीईओ को आवेदन भी दिया। पालकों का कहना है कि सहायक अध्यापिका को नहीं हटाया जाता है तो वह अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेजेंगे। भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष अशोक पांसे, सरपंच राजू संत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और बच्चे जनपद पंचायत कार्यालय पहुंचे। पालक राजेश चौहान, केशोराव नाडेकर सहित अन्य ने बताया कि सहायक अध्यापिका का बच्चों से व्यवहार ठीक नहीं है। इसी वजह से बच्चे स्कूल भी जाना नहीं चाहते हैं। पालकों ने बताया कि 12 सितंबर को बीआरसी का जांच दल स्कूल पहुंचा था। उस समय भी जांच दल से शिकायत की थी। इसके बाद भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पालकों का कहना है कि दो दिन के भीतर सहायक अध्यापिका का स्थानातंरण अन्य स्थान पर नहीं होता है तो वह बच्चों को स्कूल भेजना बंद कर देंगे। सीईओ पीएस सरयाम ने सहायक अध्यापिका को हटाने का आश्वासन दिया है।