- Hindi News
- पहले दिन दो स्थानों से हटाया पक्का अतिक्रमण
पहले दिन दो स्थानों से हटाया पक्का अतिक्रमण
नपा के कर्मचारियों ने वार्डों से हटाया अतिक्रमण।
नगर संवाददाता|मुलताई
नगरपालिका ने सरकारी जमीन पर कच्चे और पक्का निर्माण कर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार को नपा के कर्मचारियों ने महावीर वार्ड और कम्युनिटी हॉल के पास से अतिक्रमण हटाया। सड़क किनारे रेत और गिट्टी का ढेर लगाने वालों को भी दो दिन में हटाने के निर्देश दिए।
नगर के वार्डों में खाली पड़ी सरकारी जमीन और नालों के ऊपर लोगों ने कच्चे और पक्का निर्माण कर लिया था। दो दिन पहले एसडीएम पंकज जैन ने वार्डों का भ्रमण कर अतिक्रमण करने वालों को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद भी अतिक्रमणकारियों ने अतिक्रमण नहीं हटाया। इस स्थिति में नगर पालिका सीएमओ मोहम्मद सलीम ने नपा के कर्मचारियों को भेजकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। सीएमओ ने बताया कि महावीर वार्ड में नाले के ऊपर लोहार परिवार ने पक्का झोपड़ा बना रखा था। जिसे तोड़ा गया। इसी के समीप एक टांका बना हुआ था। जिसे बंद करने के निर्देश दिए गए है। कम्युनिटी हॉल के पास इकबाल कबाड़ी ने अतिक्रमण कर रखा था। जिसे हटाया गया। दोबारा अतिक्रमण करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। सीएमओ मोहम्मद सलीम ने बताया कि नालों के ऊपर और आसपास हुए अतिक्रमण को चिंहित किया जा रहा है। जल्द ही सभी का अतिक्रमण हटाया जाएगा।