संपत्तिकर जमा नहीं करने पर 412 मकान होंगे कुर्क
नपा के विभिन्न करों की राशि जमा करने में नगरवासी रुचि नहीं ले रहे हैं। बार-बार नोटिस के बाद भी लोग भुगतान नहीं कर रहे हैं। ऐसे में नपा ने 5 दिन पहले तीन मकान कुर्क किए थे। मंगलवार को 412 बकायादारों को नोटिस जारी कर भुगतान नहीं करने पर मकान कुर्क करने की चेतावनी दी। सीएमओ मोहम्मद सलीम ने बताया 412 लोगों को संपति कर के बकायादारों को नोटिस जारी किए है। इन पर 2001-02 से संपत्तिकर बकाया है। नोटिस जारी होने के बाद भी संपति कर की राशि जमा नहीं करने पर मकान कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी।
धीमी हुई विकास की गति
नगर पालिका को संपत्तिकर के 95 लाख रुपए वसूल करना है। दस महीने में 40 लाख रुपए ही नपा वसूल कर पाई है। नपा के कर्मचारी करों की वसूली के लिए लगातार बकायादारों के घर पहुंच रहे हैं। इसके बाद भी बकायादार करों की राशि नहीं दे रहे हैं। जिससे विकास कार्य की गति धीमी हो गई है।