भास्कर ने जहां बताया, वहां से जब्त की 600 घनमीटर रेत
खनिज और राजस्व विभाग की टीम ने बेल नदी किनारे खेतों में संग्रहित अवैध रेत जब्त की
भास्कर संवाददाता | मुलताई
बेल नदी से रेत का अवैध खनन कर रेत माफियाओं ने खेतों में रेत का संग्रहण कर रखा था। दैनिक भास्कर लगातार अवैध रेत का भंडारण और अवैध खनन की खबर प्रकाशित कर स्थान भी प्रकाशित कर रहा था। मंगलवार को खनिज और राजस्व विभाग की टीम ने भास्कर में प्रकाशित किए गए स्थानों पर पहुंचकर रेत जब्त की। बेल नदी के किनारे स्थित मोरखा सहित अन्य गांवों में रेत माफियाओं ने रेत का अवैध संग्रहण करके रखा था। भास्कर द्वारा लगातार खबर प्रकाशित की जा रही थी। जिसके बाद खनिज विभाग और राजस्व विभाग ने कार्रवाई शुरू की। सोमवार को राजस्व विभाग ने खेतों में संग्रहित की गई रेत जब्त की थी। मंगलवार को तहसीलदार दिनेश साल्वे, खनिज निरीक्षक एके नागले सहित अन्य कर्मचारियों ने मोरखा के किसानों के खेतों में रखी अवैध रेत जब्त की। तहसीलदार साल्वे ने बताया खेतों में लगभग 600 घनमीटर रेत अवैध रूप से संग्रहित करके रखी हुई थी। ग्रामीणों से पूछताछ की गई लेकिन अभी तक रेत किन लोगों ने संग्रहित करके रखी उनके नाम सामने नहीं आए है। इस स्थिति में अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है