- Hindi News
- 24 घंटे पुराना शव, पीएम करने से चिकित्सकों ने किया इंकार
24 घंटे पुराना शव, पीएम करने से चिकित्सकों ने किया इंकार
24घंटे से अधिक पुराना शव होने पर रविवार को सरकारी अस्पताल के चिकित्सकों ने पीएम करने से इंकार कर दिया। साथ ही शव का पीएम उज्जैन में कराने की बात कही। इससे लोग आक्रोशित हो गए और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर ही धरने पर बैठ गए। बाद में नागदा बड़नगर के चिकित्सकों ने पहुंचकर पीएम किया और मामला शांत हुआ। पीएम के बाद महिला का अंतिम संस्कार शांतिवन में किया गया। गौरतलब है कि बड़े साहब बाबा की गली स्थित मकान में शनिवार शाम 7 बजे 75 वर्षीय वृद्धा गंगाबाई पति नानूराम का शव मिला था। जो 25 सालों से किराए में मकान में रह रही थी।
वृद्धा गंगाबाई के शव का पीएम करने के लिए बीएमओ डॉ. डी.पी. जाटव डॉ. नीलम डेविड रविवार को अस्पताल पहुंचे। यहां चिकित्सकों को शव 24 घंटे पुराना होने की बात पता चली तो उन्होंने शव का पीएम करने से इंकार कर दिया और शव को उज्जैन पहुंचाने की बात कही। इससे वहां मौजूद लोग आक्रोशित हो उठे। क्षेत्र के सतीश सोनी, मुकेश गुर्जर, राधेश्याम आदि शासकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर धरने पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। इन्होंने महिला का पीएम शासकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ही करने की मांग की। अस्पताल प्रांगण में हुए हंगामे की जानकारी चिकित्सकों ने अपने उच्चाधिकारियों की दी। दोपहर 1 बजे डॉ. बबीता माधुर बड़नगर डॉ. संजीव कुमरावत नागदा उन्हेल पहुंचे और चारों चिकित्सकों ने महिला के शव का पीएम किया। पीएम के बाद पुलिस ने शव रहवासियों के सुपुर्द कर दिया। रहवासियों ने महिला का अंतिम संस्कार किया। अंतिम यात्रा में गोपाल टंडन, पार्षद हुसैन शाह, मुकेश गुर्जर, राजेश जटिया, अशोक जटिया, आजाद शाह, फरीद शाह, शेरू भाई मौलाना, रमेशसिंह जटिया, शंकर जटिया, रमेश चौधरी, धारासिंह, दिनेश राठौड़, महेश जटिया, सरवनसिंह, मुबारिक शाह आदि शामिल हुए।
प्राथमिक स्वास्थय केंद्र के बाहर धरने पर बैठे लोग।