- Hindi News
- नपा ने दो दर्जन गोवंश को शहर से बाहर गोशालाओं में छोड़ा
नपा ने दो दर्जन गोवंश को शहर से बाहर गोशालाओं में छोड़ा
नपाद्वारा आवारा मवेशियों के खिलाफ मुहिम छेड़कर उन्हें शहर से बाहर भेजना शुरू कर दिया गया है। जहां नपा ने दो दिन पूर्व 50 आवारा कुत्तों को शहर से 200 किमी दूर छोड़ा था। वहीं बुधवार को करीब दो दर्जन गोवंश को नपा ने ट्रक में भरकर शहर के बाहर की गोशालाओं में भेजा है। शहर से गोवंश को पकड़कर कृषि उपज मंडी में ट्रक में भरा गया, लेकिन कुछ बर्बरतापूर्वक। जिसे लेकर शिवसेना ने नपाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर गोवंश को नीमच भेजने की मांग की है। शिवसेना जिलाध्यक्ष राहुल मोड़ावत तहसील अध्यक्ष अनूप दासवाणी ने बताया गायों को पकड़कर नपा द्वारा नीमच भेजा जा रहा है। लेकिन वर्ष 2009 में दो हजार गायें उज्जैन जिले से नीमच भेजी गई थी। इसमें से अधिकांश गाय भूखमरी की शिकार होकर मर गई तो कुछ को गोशाला संचालक को बेच दी गई। गोवंश को ट्रकों में भी क्रूरतापूर्वक चढ़ाया जा रहा है, जो कि गलत है। उज्जैन जिले में ही 80 गोशाला है, नपा उन्हें यहां पहुंचा सकती है। नपा बेजुबान गोवंश पर कार्रवाई कर उन्हें शहर से बाहर भेज रही है, जबकि पशुओं के मालिकों पर सख्त कार्रवाई होना चाहिए। शिवसेना ने गोवंश पर अत्याचार होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।