- Hindi News
- सड़क निर्माण में मुरम की जगह डाली काली मिट्टी
सड़क निर्माण में मुरम की जगह डाली काली मिट्टी
ग्रामपंचायत रुपेटा से दीनदयाल नगर तक करीब 3 किमी मार्ग पर कीचड़ पसरा हुआ है। हालात यह है कि दीनदयाल नगर के ग्रामीण ग्राम पंचायत तक नहीं पहुंच पाते हैं वहीं विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने में परेशान होना पड़ता है। यहां सड़क निर्माण का कार्य करीब एक साल पहले ही शुरू हो चुका है, लेकिन मुरम की जगह काली मिट्टी डालने के कारण ग्रामीणों की समस्या और बढ़ गई है। परेशान ग्रामीणों ने जिला पंचायत के अधिकारियों से जनसुनवाई में ग्राम पंचायत की शिकायत कर अनियमितताओं के आरोप लगाए। जबकि यह सड़क का निर्माण आरईएस विभाग द्वारा किया जा रहा है।
ग्राम रुपेटा से तीन किमी दूर स्थित दीनदयाल नगर में 150 घर है। लेकिन गांव से बस्ती तक पहुंचने के लिए रास्ता कच्चा है। शासन द्वारा मुरमीकरण सड़क के लिए 22 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई थी। करीब एक साल पहले यहां सड़क निर्माण का कार्य शुरू हुआ था। इसमें आरईएस विभाग द्वारा कच्चे मुरम के बाद काली मिट्टी डाल दी गई और कार्य बंद कर दिया गया। बारिश में काली मिट्टी से ग्रामीणों की परेशानियां बढ़ गई। वहीं गांव के 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों का स्कूल पहुंचना भी मुश्किल हो गया है। परेशान ग्रामीणों ने जनसुनवाई में जिला पंचायत से ग्राम पंचायत सरपंच गिरधारीलाल गेहलोत की शिकायत कर सड़क निर्माण में अनियमितता के आरोप लगाए। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत संभागायुक्त कलेक्टर को भी की है।
एकसप्ताह में कार्य होगा शुरू- आरईएसके एसडीओ नरेशसिंह ठाकुर ने बताया कि कच्चा पक्का मुरम डालने के बाद मिट्टी डाली गई थी। लेकिन उसके बाद बारिश का दौर शुरू हो गया। इससे कार्य बंद हो गया था। एक सप्ताह बाद कार्य को दोबारा शुरू कर मुरम डालकर सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण किया जाएगा।
जिपं ने मांगी जानकारी, जनपद पंचायत असमंजस में
अगस्त2013 में ग्रामीणों द्वारा की गई शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने पर दोबारा शिकायत की गई। इस पर जिला पंचायत ने 1 सितंबर को जनपद पंचायत खाचरौद से मामले की जांच कर प्रतिवेदन मांगा गया है। लेकिन जनपद पंचायत भी असमंजस की स्थिति में है, कारण इस तरह का कोई भी कार्य ग्राम पंचायत द्वारा किया ही नहीं जा रहा है। ऐसे में कौन से कार्य में अनियमितता की जांच की जाए यह उनके समझ में नहीं रहा है।