- Hindi News
- ग्रेसिम स्कूल में शिक्षक ने 11वीं की छात्रा को पीटा, नाक से खून बहा
ग्रेसिम स्कूल में शिक्षक ने 11वीं की छात्रा को पीटा, नाक से खून बहा
परिजनों ने पुलिस को की शिकायत, बाद में सुलह का आवेदन दिया
भास्कर संवाददाता.नागदा
ग्रेसिमउद्योग द्वारा संचालित आदित्य बिरला उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 11 वीं की छात्रा को शिक्षक द्वारा बुरी तरह पीटने का मामला बिरलाग्राम पुलिस के पास पहुंचा है। हालांकि मामले में शनिवार शाम बिरलाग्राम पुलिस को शिकायत के बाद परिजनों ने बाद में सुलह का आवेदन भी दिया है। लेकिन पुलिस ने सोमवार को मामले की तह तक जाने की बात कही है।
थाना प्रभारी फतेह बहादुरसिंह बैस ने बताया शनिवार शाम 4 बजे स्कूल में छात्रा फरहीन पिता हैदर को सहपाठी से बात करने पर भड़के शिक्षक ने छात्रा की निर्मम तरीके से पिटाई कर दी। इससे छात्रा की नाक से खून आने लगा। परिजनों ने पहले तो मामले की शिकायत पुलिस को की। लेकिन थोड़ी ही देर बाद दोनों पक्षों के बीच समझौते होने का आवेदन भी दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार पहले शिकायत और फौरन बाद समझौते की घटना को पुलिस गंभीरता से ले रही है। सोमवार को स्कूल पहुंचकर मामले में छात्रा के सहपाठियों शिक्षकाें के साथ ही स्कूल प्रबंधन से पूछताछ की जाएगी। पिटाई किस शिक्षक ने की, इसका भी पता लगाया जाएगा। मामले में ग्रेसिम उद्योग के जनसंपर्क अधिकारी राजेश शर्मा से संपर्क करने का प्रयास किया गया मगर उनका मोबाइल बंद मिला।
पूरी क्लास सस्पेंड की थी
25दिन पूर्व ही कक्षा 12 वीं में कुछ शरारती छात्राें द्वारा क्लास में सुतली बम फोड़ने की बात पर प्राचार्य ने पूरी क्लास को ही सस्पेंड कर दिया था। मीडिया से चर्चा में स्कूल प्राचार्य अजंता हंस अरोड़ा ने घटना होने से ही इंकार कर जानकारी देने के लिए स्वयं को अधिकृत नहीं होने की बात कही थी। लेकिन विद्यालय के अन्य शिक्षकाें ने क्लास को सस्पेंड करने की घटना स्वीकार कर प्राचार्य के झूठ की कलई खोल दी थी। इस पर परिजनों ने स्कूल पहुंचकर आक्रोश भी जताया था। परिजनों का कहना था कि शरारत करने वालों को सजा देने की बजाए पूरी क्लास को निलंबित करना स्कूल प्रबंधन की मनमानी है।