- Hindi News
- हम्मालों ने किया हंगामा दो घंटे मंडी बंद रही
हम्मालों ने किया हंगामा दो घंटे मंडी बंद रही
कृषिउपज मंडी में हम्मालों ने मंगलवार को हंगामा करते हुए काम बंद कर दिया। कारण कथित रूप से एक व्यापारी द्वारा हम्मालों पर चोरी का आरोप लगाना है। दो घंटे तक चले हंगामे के बाद मंडी अध्यक्ष हरिसिंह गुर्जर के आश्वासन पर हम्मालों ने कार्य शुरू किया। दोपहर 12 बजे बाद खरीदी का काम शुरू हुआ। इस वजह से उपज बेचने आए किसानों को परेशान होना पड़ा।
कृषि उपज मंडी में लगातार उपज चोरी की घटनाएं हो रही है। दो दिन पहले भी एक व्यापारी के यहां से सोयाबीन उपज की बोरियां चोरी हो गई थी। व्यापारी ने कथित रूप से दिए बयान में चोरी का आरोप हम्मालों पर लगाया था। हम्मालों को इसकी जानकारी लगी तो उन्होंने शुक्रवार सुबह मंडी के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर व्यापारी द्वारा सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। जब व्यापारी ने माफी मांगने से इंकार कर दिया तो हम्मालों ने हंगामा करते हुए कार्य बंद कर दिया। हंगामा 2 घंटे तक चलता रहा और हम्माल अपनी मांग पर अड़े रहे। जबकि व्यापारी का कहना था कि उसके द्वारा इस तरह की कोई बात नहीं कही गई है।
मंडीअध्यक्ष ने सुलह कराई- मंडीसचिव के अवकाश पर होने हंगामे की सूचना पर मंडी अध्यक्ष हरिसिंह गुर्जर तत्काल पहुंचे। उन्होंने व्यापारी हम्मालों से चर्चा करने के बाद दोनों में सुलह कराई। इसके बाद मंडी में खरीदी का कार्य शुरू हुआ। गुर्जर के मुताबिक व्यापारी द्वारा स्थानीय केबल को दिए गए बयान में कथित रूप से हम्माल द्वारा चोरी करने की बात पर विवाद हुआ था। हम्मालों को आश्वासन दिया गया कि मामले की जांच की जाएगी, इसके बाद जो उचित होगा वह निर्णय किया जाएगा। 2 घंटे देरी से शुरू हुई खरीदी के कारण किसान परेशान होते रहे और निराकरण होने का इंतजार करते रहे।
पांच चौकीदार फिर भी चोरियां हो रही
मंडीपरिसर में व्यापारियों की उपज गोदाम खुले में रखी होती है। उपज की सुरक्षा के लिए मंडी में 5 चौकीदार नियुक्त है, इसमें से एक चौकीदार व्यापारियों द्वारा रखा गया है। बावजूद मंडी परिसर से उपज की चोरी होना कई सवाल खड़े करता है। अभी तक तीन से चार बार उपज की चोरी हो चुकी है। इसकी शिकायत भी व्यापारियों ने थाने में की थी, बावजूद बदमाश पकड़ा नहीं गया।
हम्माल मंडी कर्मचारी को ज्ञापन सौंपते हुए।
मंडी अध्यक्ष गुर्जर व्यापारियों से चर्चा करते हुए।