अभियान में ग्रामीणों को जानकारी दी
नागदा| प्रत्येकपरिवार का बैंक खाता हो, अब यह राष्ट्रीय प्राथमिकता है। सरकार की सभी योजनाओं का लाभ प्रधानमंत्री जन-धन योजना के तहत खोले गए खाते के माध्यम से ही दिया जाएगा। यह बात भारत सरकार के क्षेत्रीय प्रचार निदेशालय उज्जैन द्वारा ग्राम गिंदवानिया में अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में प्रचार अधिकारी डी.एस. परमार ने कही। स्वच्छता भारत मिशन की ब्लॉक समन्वयक श्रद्धा किरनपूरे ने बताया शौचालय निर्माण के लिए अब सरकार द्वारा 12 हजार रुपए की राशि प्रोत्साहन के रूप में दी जा रही है। हितग्राही स्वयं या पंचायत के माध्यम से शौचालय का निर्माण करवा सकता है। ग्रेसिम ग्रामीण विकास विभाग के सहायक प्रबंधक अरविंद सिकरवार ने बताया खुले में शौच कई बीमारियों का घर होता है। सरकारी प्रोत्साहन राशि के अलावा ग्रेसिम भी शौचालय निर्माण में सहयोग कर रहा है। कार्यक्रम के पूर्व यहां जागरुकता रैली भी निकाली गई। संचालन क्षेत्रीय प्रचार निदेशालय मंदसौर के दिनेश गौर ने किया। ग्राम में 347 परिवार निवासरत है, इसमें से 156 परिवारों ने शौचालय का निर्माण कर लिया है। जबकि 25 से अधिक का निर्माण कार्य चल रहा है। ग्रामीण बद्रीलाल नागूजी ने 2013 में शौचालय निर्माण करने के बाद भी प्रोत्साहन राशि नहीं मिलने की बात कही, इस पर सचिव दिनेश गुर्जर को निराकरण करने की बात कही गई।