कार्रवाई में बकायादार का ट्रैक्टर जब्त
विद्युतवितरण कंपनी ने मंगलवार को ग्राम जलोदिया जागीर में वसूली अभियान के दौरान कार्रवाई करते हुए एक बकायादार का ट्रैक्टर जब्त किया है। इसके अलावा तीन टीमों ने अन्य क्षेत्र में भी कार्रवाई कर कनेक्शन काटकर वसूली की है।
ग्राम जलोदिया जागीर निंबोदियाकलां के ग्रामीणों ने सोमवार को डीई कार्यालय का घेराव कर बिजली नहीं मिलने पर आक्रोश जताया था। जिस पर डीई के.के. रायपूरिया ने ग्रामीण क्षेत्र प्रभारी सौरभ गोस्वामी को जलोदिया जागीर में बकायादारों पर कार्रवाई कर वसूली करने के निर्देश दिए थे। जिससे वसूली की राशि पूरी होने पर गांव को बिजली दी जा सके। गोस्वामी ने बताया मंगलवार को जलोदिया जागीर में कार्रवाई की गई। जिसमें निर्भयसिंह नामक उपभोक्ता पर 40 हजार रुपए का बकाया होने पर उसका ट्रैक्टर कुर्क किया गया है। बकायादार द्वारा बकाया राशि जमा करने पर ट्रैक्टर दिया जाएगा। इसके अलावा 3 टीमों ने अन्य ग्रामीण क्षेत्र में कार्रवाई की। जिसमें 150 उपभोक्ताओं पर साढ़े चार लाख रुपए बकाया था। टीम ने उक्त उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने के साथ ही 35 हजार रुपए की वसूली भी की है।
फिरभी ग्रामीण तो अंधेरे में ही रहेंगे
मंगलवारको टीम ने ग्राम जलोदिया जागीर में वसूली अभियान चलाया है, फिर भी ग्रामीणों को अंधेरे में ही रहना होगा। कारण गांव पर करीब 3 लाख 77 हजार रुपए बकाया है। जिसमें से 50 प्रतिशत राशि जमा होने पर ही गांव में ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली सप्लाय दी जाएगी। ग्रामीणों ने 50 हजार रुपए की राशि जमा कर दी है, लेकिन विभाग को करीब 40 हजार रुपए और वसूलना है। इसी कारण बिजली बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को भी अंधेरे में ही रहना पड़ रहा है।
विद्यार्थियों का नुकसान
बोर्डकी परीक्षाएं नजदीक रही है। ऐसे में वसूली अभियान का खामियाजा विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है। कारण बकाया होने से पूरे गांव की ही बिजली विभाग ने बंद कर दी है। जिससे विद्यार्थियों को पढ़ाई करने में परेशान होना पड़ रहा है। विद्यार्थियों को चिंता सताने लगी है कि कहीं उनका वार्षिक परीक्षा परिणाम बिगड़ जाए। इसके अलावा ग्रामीणों को पेयजल की परेशानी हो रही है।