नपा सीएमओ की धमकी पर कार्यकर्ता बिफरी
सिटीरिपोर्टर | नागदा
नपासीएमओ द्वारा नौकरी से निकालने की धमकी देने पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बिफर गई। सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एकमत होकर एसडीएम कार्यालय पहुंची। यहां उन्होंने अपनी शिकायत तहसीलदार ममता पटेल को दर्ज कराई। साथ ही नपा के कार्य का बहिष्कार कर दिया।
जन-धन बीमा योजना का लक्ष्य पूरा करने के लिए नपा सीएमओ आर.के. जैन द्वारा नपा सभागृह में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की बैठक का आयोजन किया गया था। इसमें उन्हें इसका उद्देश्य समझाने के साथ उनके क्षेत्र से शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने की बात कही गई। इस दौरान नपा सीएमओ ने लक्ष्य पूरा नहीं होने पर नौकरी से निकालने की चेतावनी दे डाली। इससे आंगनवाड़ी कार्यकर्ता भड़क गई। मप्र आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ के रामलाल पंड्या के नेतृत्व में सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बैठक के बाद एसडीएम कार्यालय पहुंची। यहां उन्होंने धमकी देने की शिकायत के साथ अपनी व्यथा भी बताई। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का कहना था कि वह विभाग के कार्य के साथ ही बीएलओ का कार्य भी कर रही है। ऐसे में वह जन-धन बीमा योजना में किस तरह कार्य करेगी। वहीं नपा सीएमओ नौकरी से निकालने की धमकी दे रहे है, जबकि यह उनका कार्य नहीं है। इधर, नपा सीएमओ जैन के मुताबिक अभी मैं बाहर हूं। मुझ पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद है।
समग्रआईडी का भी मानदेय नहीं मिला
आंगनवाड़ीकार्यकर्ताओं ने शिकायत में बताया कि उन्हें 2012 में समग्र आईडी का कार्य सौंपा गया था। इसका मानदेय देने की बात नपा सीएमओ द्वारा कही गई थी। समग्र आईडी का कार्य खत्म होने के दो साल बाद भी उन्हें अभी तक उक्त कार्य की राशि नहीं दी गई है। वहीं बीएलओ के रूप में कार्य का मानदेय भी नहीं दिया गया है। ऐसे में उनसे दोहरा कार्य कराया जा रहा है। लेकिन मानदेय एक ही कार्य का मिल रहा है।
नपा के कार्य का बहिष्कार
आंगनवाड़ीकार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय पहुंची थी, लेकिन एसडीएम राजीव रंजन मीणा के नहीं मिलने पर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का कहना था कि हमसे डरा धमकाकर कार्य कराया जा रहा है। जबकि हमें हमारे विभाग का ही कार्य करना होता है। इसलिए हमारी समस्या का जब तक निराकरण नहीं होगा हम नपा के किसी भी प्रकार का कार्य नहीं करेंगे।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अपनी व्यथा तहसीलदार ममता पटेल को बताती हुई।