पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बिजली नहीं मिलने से आक्रोशित ग्रामीणों ने किया डीई का घेराव

बिजली नहीं मिलने से आक्रोशित ग्रामीणों ने किया डीई का घेराव

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
एकमाह से बिजली नहीं मिलने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार दोपहर 3.30 बजे डीई के.के. रायपुरिया का घेराव कर दिया। उन्होंने अपनी समस्या बताते हुए बिजली बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को बिजली देने की मांग की। डीई रायपूरिया ने नियमों का हवाला देते हुए 50 प्रतिशत राशि जमा होने पर ट्रांसफार्मर लगाने की बात कही। जनप्रतिनिधियों ने अधिकारी से चर्चा की तो सात दिन में बकाया राशि वसूली पूरी कर ट्रांसफार्मर लगाने का आश्वासन दिया।

ग्राम जलोदिया जागीर निंबोदिया कलां में ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। बिजली विभाग द्वारा खराब ट्रांसफार्मर हटा लिया गया, लेकिन नवीन ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया। कारण ग्राम के उपभोक्ताओं पर करीब 3 लाख 77 हजार की राशि बकाया है। इस वजह से बीते एक माह से उक्त दोनों गांव अंधेरे में जीवनयापन कर रहे है। बिजली बिल जमा करने के बाद भी बिजली नहीं मिलने से आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार को डिविजन कार्यालय पहुंचकर डीई का घेराव कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने बिजली बिल जमा किया है तो उन्हें क्यों बिजली नहीं दी जा रही है। बकायादारों से विभाग वसूली करे, उन्हें क्यों परेशान किया जा रहा है। जिस पर डीई रायपुरिया ने बताया कि उच्च अधिकारियों के स्पष्ट निर्देश है गांव पर बकाया राशि का 50 प्रतिशत जमा होने पर ही ट्रांसफार्मर लगाया जाए। काफी बहसबाजी के बाद भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष संदीप व्यास कॉलेज सांसद प्रतिनिधि नरेंद्रप्रतापसिंह चौहान ने डीई से चर्चा की। जिसमें डीई रायपुरिया ने सात दिनों में गांव के बकायादारों से वसूली कर बिजली देने का आश्वासन दिया।

सिंचाईके कनेक्शन से बकायादार चला रहे बिजली

ग्रामीणोंने बताया कि गांव में जिन उपभोक्ताओं पर सबसे अधिक बकाया है, उन पर विभाग कार्रवाई नहीं कर रहा है। उनके यहां बिजली चालू है और बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ रहा है। बड़े बकायादारों ने सिंचाई के कनेक्शन से घर तक तार डाल रखे है और बिजली का उपयोग कर रहे है। जबकि विभाग को बड़े बकायादारों से सख्ती से वसूली करना चाहिए। ग्रामीणों ने बताया कि कई बड़े बकायादार गांव से बाहर भी है, अब उनका बिल कौन चुकाएगा।

सहयोगकर जुटाई राशि

ग्रामीणोंने बताया कि कई उपभोक्ताओं के बिल जमा थे। बावजूद 3 लाख 77 हजार की राशि होने पर ग्रामीणों ने सहयोग कर 50 हजार की राशि जुटाई, ताकि गांव को बिजली मिलने लग जाए। 50 हजार जमा करने के बाद भी ट्रांसफार्मर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है और अब 43 हजार की राशि और जमा करने की बात कहीं जा रही है। ऐसे में राशि कहां से जमा करें। विभाग को सख्ती से बकायादारों से राशि वसूलना चाहिए, ताकि बिजली बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को तो बिजली मिल सके।

कल से होगी कार्रवाई

ग्रामीणोंने डीई को बताया की वार्षिक परीक्षाओं का दौर नजदीक है। बिजली कटौती के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई का नुकसान हो रहा है। साथ ही ग्रामीणों को पेयजल के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है। जिस पर डीई रायपुरिया ने तत्काल ग्रामीण क्षेत्र प्रभारी सौरभ गोस्वामी को निर्देश देकर मंगलवार से बकायादारों के कनेक्शन काटकर वसूली करने के निर्देश दिए। साथ ही बकायादारों के सामान जब्त करने की भी बात कहीं। ताकि वसूली होने के बाद ग्राम को बिजली दी जा सके।

डीई से चर्चा करते व्यास, चौहान ग्रामीण।