आपसी समझाइश से सुलझे प्रकरण
कार्यालय संवाददाता|नरसिंहगढ़
शनिवारको न्यायालय परिसर में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। आयोजन की शुरुआत सुबह 11 बजे एडीजे डीके नागले ,जेएमएफसी राजकुमार यादव, पद्मा जाटव, वर्षा सूर्यवंशी आदि ने सरस्वती पूजन और दीप प्रज्जवलन से की। अदालत में 800 से ज्यादा प्रकरणों पर सुनवाई की गई। इनमें राजस्व, बैंक, पुलिस, बिजली कंपनी, नगरपालिका आदि के विभिन्न मामले शामिल थे। ज्यादातर मामलों में आपसी सहमति से निराकरण किया गया। बिजली कंपनी ने 31 लाख से ज्यादा की और एसबीआई ने 1.50 लाख की वसूली अपने कर्जदारों से की। एडीेजे समेत अन्य वरिष्ठों ने मामलों को सुलझाने वाले पक्षकारों को निशुल्क पौधे भेंटकर प्रोत्साहित किया। इस दौरान बिजली कंपनी के कई पक्षकार मामलों में वसूली की छूट नहीं मिलने से नाराज भी हुए। आयोजन में अभिभाषक संघ और जनभागीदारी से 1100 से ज्यादा पक्षकारों को भोजन करवाया गया। अदालत में बार एसोसिएशन अध्यक्ष शरद श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष संजय शेखर शर्मा, सचिव दीपक पालीवाल, जेपी अग्रवाल, धूल सिंह यादव, बृजेंद्र मोहन सक्सेना, लावण्य दुबे, वरिष्ठ नागरिक डॉ वंशीलाल गुप्ता, मनोहर सिंह परिहार, जीएस परमार, अमर सिंह बीकावत, डॉ ओपी साहू, नरेंद्र कुमार शुक्ला, केपी अग्रवाल, पैरालीगल एडवायजर कमलकिशोर सूर्यवंशी, लियाकत अली समेत बडी़ तादाद में विभिन्न विभागों, पुलिस, बैंकों के प्रतिनिधि और अन्य सदस्य शामिल हुए।
आपसी सहमति से प्रकरण निपटाने पर एडीजे न्यायाधीशों ने पौधे देकर किया प्रोत्साहित।
नरसिंहगढ़|लोक अदालतमें प्रकरणों का निराकरण करवाने पहुंचे पक्षकार।