- Hindi News
- सस्ते और सुलभ न्याय के लिए सभी मिलकर फैलाएं जागरूकता
सस्ते और सुलभ न्याय के लिए सभी मिलकर फैलाएं जागरूकता
कार्यालय संवाददाता| नरसिंहगढ़
शनिवारको दिसंबर 2014 में लगने वाली नेशनल लोक अदालत की तैयारियों को लेकर तहसील विधिक सेवा समिति ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं , सहायिकाओं और जनपद पंचायत के सचिव, सरपंच और कोटवारों के साथ बैठक ली। जनपद पंचायत सभाकक्ष में दो चरणों में बैठक का आयोजन किया गया। पहला सत्र दोपहर 12 से 1 बजे तक और दूसरा 1 से 2 बजे तक चला। इस दौरान विधिक सेवा समिति के तहसील अध्यक्ष एडीजे डीके नागले ने मौजूद सदस्यों को नेशनल लोक अदालत के फायदों के बारे में बताया। उन्होंने सभी से अपील की वे 6 दिसंबर को लगने वाली नेशनल लोक अदालत में ज्यादा से ज्यादा तादाद में राजीनामा और अदालत में आपसी सहमति से निपट सकने योग्य मामलों को पहुंचाएं। उन्होंने बताया कि नेशनल लोक अदालत से लोगों के समय और पैसे की बचत तो होती ही है, साथ ही त्वरित न्याय भी मिलता है। क्योंकि नेशनल लोक अदालत में जिन प्रकरणों का निराकरण हो जाता है, उनकी कहीं अपील नहीं की जाती है। एडीजे के अलावा जे एमएफसी आरके यादव और पद्मा जाटव ने भी संबोधन दिए। बैठक में जनपद पंचायत सीईओ दिलीप जैन, बिजली वितरण कंपनी के डीई सुरेंद्र कुमार गुप्ता, महिला बाल विकास विभाग की प्रभारी परियोजना अधिकारी अर्चना तिवारी, बार अध्यक्ष शरद श्रीवास्तव, पूर्व विधायक धूल सिंह यादव, दामोदर उदावत ने भी उद्बोधन दिए। आयोजन में शीतलप्रसाद सक्सेना, राजीव भारद्वाज, पैरालीगल वालेंटियर्स कमलकिशोर सूर्यवंशी, सैयद लियाकत अली समेत बडी तादाद में विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि,महिला बाल विकास विभाग की कार्यकर्ताएं, पंचायत सचिव, सरपंच आदि शामिल हुए। संचालन कमलकिशोर सूर्यवंशी ने और आभार प्रदर्शन शरद श्रीवास्तव ने किया।
नेशनल लोक अदालत में निबटने वाले प्रकरण
पारिवारिकविवाद, दहेज प्रताड़ना, दुर्घटना बीमा, बिजली कंपनी के प्रकरण, भूमि संबंधी विवाद, घरेलू हिंसा, फौजदारी मामले आदि।
नरसिंहगढ़| नेशनललोक अदालत की तैयारियों के लिए आयोजित बैठक में शामिल आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं।