100 फीसदी साक्षरता का लिया संकल्प
कार्यालय संवाददाता| नरसिंहगढ़
गुरुवारको बीआरसी कार्यालय में साक्षर भारत अभियान के तहत तीन दिनों का प्रेरक प्रशिक्षण शुरू हुआ। प्रशिक्षण की शुरुआत सरस्वती पूजन से की गई। जिला प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी केएन गुप्ता ने सभी प्रेरकों से कहा कि वे अगली नवसाक्षर परीक्षा में ज्यादा निरक्षरों को शामिल करें। साथ ही सभी केंद्रों पर रेडियो कार्यक्रम के लिए रेडियो खरीद लिए जाएं। रेडियो से निरक्षरों को साक्षरता की जानकारी दें। जनपद सीईओ ने कहा कि जो भी प्रेरक ज्यादा बेहतर काम करेंगे, उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा। राज्य संसाधन केंद्र भोपाल के इम्तियाज खान ने प्रोजेक्टर के जरिए प्रेरकों को साक्षरता कक्षाओं के संचालन और साक्षर भारत कार्यक्रम के बारे में रोचक शैली से जानकारी दी। प्रशिक्षण में जनपद सीईओ दिलीप जैन, जिला प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी केएन गुप्ता, बीआरसी अजीत कुमार पांडे, बीईओ त्रिनेत्र सिंह देवड़ा, साक्षरता प्रभारी हरिप्रसाद मालवीय खासतौर से मौजूद थे।
बीईओ श्री देवड़ा ने बताया कि प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर्स अरविंद मंडलोई, हरिओम मिश्रा, सुभाष सक्सेना, हरीश शर्मा, भानुप्रकाश शर्मा प्रेरकों को कक्षा संचालन, साक्षरता की जरूरत और महत्व, साक्षर भारत एक परिचय प्रशिक्षण की आवश्यकता और निरक्षरों के अभिप्रेरण के बारे में बारे में बताएंगे। गतिविधि आधारित साक्षरता कक्षाओं का संचालन डेमो के जरिए किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान गादिया की विकलांग प्रेरक सुनीता को बेहतर काम के लिए सम्मानित किया गया। आयोजन में रंजन सिंह गौतम, राजेश वर्मा, राजेंद्र पडियाल का योगदान रहा। संचालन हरिओम मिश्रा ने किया।
प्रेरकों का तीन दिनों का प्रशिक्षण बीआरसी कार्यालय में शुरू हुआ।