जागरूकता के लिए घर-घर जाएंगे छात्र
कार्यालय संवाददाता| नरसिंहगढ़
बुधवारको शासकीय हाई स्कूल जामुनिया गोप चौहान में मतदाता जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें जिला मतदाता जागरूकता नोडल अधिकारी केके नागर, संजीव सक्सेना और बीआरसी अजीत कुमार पांडे खास तौर से मौजूद थे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से कहा कि मतदान हर भारतीय नागरिक का प्राथमिक कर्त्तव्य है। देश के विकास में मतदान के जरिए सबसे बड़ा योगदान दिया जाता है। बच्चे अपने घरों में अपने बड़ों को मतदान के लिए प्रेरित कर अपना कर्त्तव्य निभा सकते हैं। उन्होंने बताया कि स्कूल में मतदान जागरूकता के लिए जूनियर रेडक्रास को अधिकृत किया गया है।
कार्यशाला में मौजूद विद्यार्थियों ने वादा किया कि वे अपने गांव के अलावा आसपास के गांवों में भी घर- घर पहुंचकर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करेंगे। इस काम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भी मदद ली जाएगी। आयोजन में प्राचार्य अगस्तुस लकरा, माखनलाल चंद्रवंशी, एके गोरी समेत स्टाफ के अन्य सदस्य और छात्र शामिल हुए।