नियुक्ति के बाद से अब तक नहीं मिला वेतन
नरसिंहगढ़| सिविलमेहताब अस्पताल में पदस्थ भृत्य संजय परिहार के वेतन का प्रकरण जिला चिकित्सालय और जिला कोषालय के बीच लटक रहा है। परिहार को मई 2014 में अपनी नियुक्ति के बाद से अब तक वेतन नहीं मिला है। पहले तो बताया गया कि उसका प्रॉन नंबर नहीं आया है। लंबी मशक्कत के बाद 1 दिसंबर को उसका प्रॉन नंबर अलॉट हो गया। इसके बाद उसके बिल बनाकर जिला चिकित्सालय के जरिए कोषालय तक पहुंचाए गए। अब जिला चिकित्सालय के लिपिक लीलाधर साहू का कहना है कि कोषालय से यह कहकर बिल लौटा दिए गए हैं कि इतनी देरी से बिल पहुंचाए हैं तो मामले में कलेक्टर की अनुशंसा लगेगी। दूसरी ओर वेतन नहीं मिलने से संजय परिहार का परिवार भुखमरी की कगार पर पहुंच गया है। पिछले 6 महीनों से वह यहां-वहां से उधार मांगकर अपना काम चला रहा है। अब उसे उधार मिलने में भी परेशानी आने लगी है। परिहार ने जिला प्रशासन से मांग की है कि उसके वेतन का भुगतान जल्दी करवाया जाए।