जनभागीदारी के पहला चरण में सराय स्कूल की नापजोख हुई
भास्कर संवाददाता| नरसिंहगढ़
शासकीय सराय प्रायमरी स्कूल को जनभागीदारी से दोबारा बनाने के अभियान की मंगलवार से शुरुआत हो गई है। पूरे स्कूल परिसर का नया काम करने के लिए पूर्व छात्रों की मौजूदगी में आर्किटेक्ट प्रदीप मेवाड़े ने परिसर की नापजोख की। इसके बाद स्कूल की डिजाइन और एस्टीमेट तैयार कर कलेक्टर और एसडीएम को मंजूरी के लिए दिखाया जाएगा। योजना में शामिल पूर्व छात्रों और अन्य वरिष्ठ जनों के मुताबिक इस काम को इसी शिक्षा सत्र में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस योजना को कलेक्टर तरुण पिथौड़, एसडीएम ऋषि गर्ग, बीईओ त्रिनेत्र सिंह देवडा और बीआरसी अजीत कुमार पांडे भी सराह चुके हैं। अब जमीनी स्तर पर उतारने की शुरुआत की जा रही है। सराय स्कूल के पुराने विद्यार्थियों और अन्य नागरिकों को भी मुहिम में जोड़ा जा रहा है।
उद्देश्य- सराय स्कूल को बेहतर शिक्षा और सुविधाओं के जरिए पूरे प्रदेश में मॉडल स्कूल बनाना। पूरी व्यवस्थाएं जनभागीदारी से एकत्र धनराशि से संचालित की जाएंगी।