केंद्रीय विद्यालय और प्रतिमा स्थापना की मांग प्रभारी मंत्री से की
भास्कर संवाददाता| नरसिंहगढ़
वरिष्ठ अभिभाषक जेपी अग्रवाल ने सोमवार को विधायक गिरीश भंडारी के जरिए प्रभारी मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया को ज्ञापन दिलवाकर शहर में केंद्रीय विद्यालय जल्दी शुरू करने और संविधान सभा के सदस्य बाबू राधावल्लभ विजयवर्गीय की प्रतिमा की स्थापना की मांग की। श्री भंडारी ने बताया कि दोनों ही मामलों में जल्दी ही ठोस कदम उठाए जाएंगे। ज्ञापन में बताया गया कि केंद्रीय विद्यालय के लिए शहर में जमीन का आवंटन हो चुका है। अब मानव संसाधन विभाग और केंद्रीय विद्यालय संगठन से चर्चा कर इसी सत्र में केंद्रीय विद्यालय की कक्षाएं शुरू की जाएं। इसी तरह बाबू राधावल्लभ विजयवर्गीय की प्रतिमा के लिए भोपाल बायपास तिराहा या बस स्टैंड के नीम तिराहे की जगह का चयन करने का अनुरोध किया गया है।