अभिभावकों को बताया बच्चों को पढ़ाना कर्त्तव्य
भास्कर संवाददाता| नरसिंहगढ़
जनशिक्षा केंद्र आंदलहेडा का शाला प्रबंधन समितियों का 2 दिवसीय प्रशिक्षण गुरुवार को शासकीय मिडिल स्कूल पाडल्या बना में शुरू हुआ। प्रशिक्षण की शुरुआत एसएमसी अध्यक्ष राजेंद्र सिंह परमार ने सरस्वती पूजन और दीप प्रज्ज्वलन से की। इसमें आसपास के कोलूखेड़ी, सोनकच्छ, पीपल्या बाग, पलासी, मूंडली और मदोरा के स्कूलों के एसएमसी को शामिल किया गया। इनके अध्यक्षों से फीडबैक लिया गया।
शिविर में मास्टर ट्रेनर्स करण सिंह कुशवाह, हरिओम मिश्रा, जनशिक्षक राजेश यादव, प्रेम सिंह ठाकुर ने शासन के स्तर से शिक्षा के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में बताया और अभिभावकों से कहा कि वे अपने बच्चों को स्कूल में पढ़ने के लिए जरूर भेजें। प्रशिक्षण में पहुंचे एसएमसी सदस्यों ने कहा कि यह एक अच्छी पहल है। लेकिन अगर शिक्षा सत्र के शुरू में इसे किया जाता तो ज्यादा बेहतर नतीजे मिल सकते थे। अब शिक्षा सत्र खत्म होने को है। ऐसे में अगले सत्र की शुरुआत में इसे जरूर किया जाए।
शासकीय उमावि में एसएमसी प्रशिक्षण की शुरुआत सरस्वती पूजन और दीप प्रज्ज्वलन से की गई। मास्टर ट्रेनर्स ने अभिभावकों को बच्चों की बेहतर पढ़ाई के लिए जवाबदारियां बताईं। मास्टर ट्रेनर्स में बीएल व्यास, महेंद्र शर्मा, सत्यनारायण विश्वकर्मा, निर्भय सिंह सिसौदिया शामिल थे। प्रशिक्षण में जीवन चौहान, मुकेश सक्सेना, शिवनारायण यादव, शिवचरण तिलावदिया, एसएन दलोदिया, बीके शर्मा, एलके सोनी, नरेंद्र सक्सेना आदि मौजूद थे।
अधिकारियों ने किया
प्रशिक्षणों का निरीक्षण
बीआरसी अजीत कुमार पांडे ने शासकीय कन्या मिडिल स्कूल में चल रहे प्रशिक्षण का अौर पांजरी में चल रहे शासकीय श्री विक्रम उत्कृष्ट विद्यालय के प्रशिक्षण का निरीक्षण किया। पांजरी के प्रशिक्षण में अभिभावकों की संख्या कम थी। इस पर बीआरसी ने शिक्षकों से कहा कि वे अभिभावकों को आने के लिए प्रेरित करें। उन्हें शासन की योजनाओं के बारे में बताएं। बीएसी नरेंद्र मिश्रा और बीजीसी संध्या चौहान ने जामुनिया गोप चौहान में और बीएसी गिरिराज भंडारी ने शासकीय उमावि मंडावर में चल रहे प्रशिक्षण का निरीक्षण किया।
अभिभावकों की भूमिका खास साबित होगी
शासकीय स्कूलों के अभिभावकों की जागरूकता इन स्कूलों की आज की स्थिति को बदलने में मील का पत्थर साबित होगी। अजीत कुमार पांडे, बीआरसी नरसिंहगढ़।
एसएमसी प्रशिक्षण में सदस्यों को शासन की योजनाओं और अभिभावकों के मोटिवेशन की जानकारी दी जा रही है।