किसानों को गांव में ही मिलेगी जानकारी
निज संवाददाता | नसरुल्लागंज
गुरुवारसे पूरे प्रदेश में कृषि महोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान कृषि क्रांति रथ गांव-गांव जाएगा और वहीं पर किसानों की समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। कृषि महोत्सव में पूरा प्रशासन एक साथ खड़ा नजर आएगा। क्रांति रथ एक दिन में तीन गांवों का भ्रमण करेगा। इस तरह पूरे महोत्सव में 300 से अधिक गांव में कृषि क्रांति रथ पहुंचेगा। महोत्सव की शुरुआत गुरुवार को गांव बोरखेड़ा कलां से सुबह 8 बजे होगी। रथ के साथ 21 विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। कृषि विशेषज्ञ और वैज्ञानिक भी किसानों को कृषि की आधुनिक तकनीकी के बारे में समझाएंगे। ताकि कृषि में जोखिम और लागत कम हो सके।
कृषि विभाग के एसएडीओ एलएन विश्वकर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि आज कृषि क्रांति रथ क्षेत्र के गांव बोरखेड़ा से शुरु होगा। जहां किसानों की समस्याओं का निराकरण करने के साथ-साथ गांव में किसानों को खसरा-खतौनी की प्रति उपलब्ध कराई जाएगी। गुरुवार को बोरखेड़ा के अलावा गिल्लौर बड़नगर कलस्टर में भी यह रथ पहुंचेगा। इसकी निगरानी क्रियान्वयन के लिए चार स्तर पर समितियां बनाई गई हैं। प्रदेश स्तरीय इस महोत्सव में कृषकों को विशेष लाभ होगा, जिसमें ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी गांव से मिट्टी के नमूने लेंगे। कृषि क्रांति रथ द्वारा विभिन्न विभागों के तकनीकी सत्र एवं गतिविधियां संचालित की जाएगी।
तीन घंटे रुकेगा रथ
महोत्सवमें हर कलस्टर पर तीन घंटे कृषि क्रांति रथ रुकेगा। इन तीनों घंटे में ही आयोजकों को किसानों को खेती की जानकारी, संवाद, नमूने, खेती के तरीके के साथ ही किसानों की समस्याओं का निराकरण करना होगा।
ड्रेसकोड भी होगा
इसकृषि क्रांति रथ के साथ उपस्थित शासकीय अमला ड्रेस कोड में रहेगा ,जिसमें समस्त अधिकारी सफेद शर्ट/काला पेंट कैप के साथ बेच लगाकर ड्रेस के साथ उपस्थित रहेंगे।