पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • डीजे का शोर पढ़ाई में डाल रहा खलल

डीजे का शोर पढ़ाई में डाल रहा खलल

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
निज संवाददाता | नसरुल्लागंज

प्री-बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। परीक्षार्थी मेहनत कर रहे हैं। फरवरी से अप्रैल तक वार्षिक परीक्षाओं का दौर चलेगा, इसके लिए भी तैयारी की जा रही है, लेकिन शादी समारोह धार्मिक कार्यक्रमों के लिए बज रहे डीजे और बैंडबाजों के शोर ने विद्यार्थियों को परेशान कर रखा है।

इस शोर से जहां बच्चों की पढ़ाई पर गहरा असर हो रहा है तो नींद पूरी नहीं होने से उनके परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य पर भी असर हो रहा है। शादियों के दौरान मप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मानक के अनुसार दिन और रात में बैंडबाजे ध्वनि विस्तारक यंत्र बजना चाहिए, लेकिन नियमों से हटकर डबल डेसिमल शोर के साथ ध्वनि विस्तारक यंत्र बजाए जा रहे हैं। जबकि हाईकोर्ट ने डीजे पर रोक लगाई है।

इसके बाद भी शादियों में बैंडबाजों का उपयोग धड़ल्ले से हो रहा है। देर रात तक इन ध्वनि विस्तारक यंत्रो की आवाज गली मोहल्लों में सुनाई देती रहती हैं। देर रात होता है शोर हाईकोर्ट द्वारा प्रतिबंध लगाने के बावजूद क्षेत्र में तेज आवाज में डीजे बजाए जा रहे है। इससे परीक्षा दे रहे क्षेत्र के सैकड़ों विद्यार्थियों और रहवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नियमों का पालन नहीं मप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नियमों के अनुसार ध्वनि विस्तारक यंत्रों से उत्पन्न होने वाले शोर की आवृत्ति दिन में 65 तथा रात में 55 डेसीबज होनी चाहिए। बावजूद इसका पालन नहीं किया जा रहा है।

शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति तो यह हैं कि हाल ही में सम्पन्न हुए ग्राम चुनाव के दौरान प्रत्याशियों ने विजय होने के लिए मानो पूरा जोर डीजे ढोल ढमाकों में लगा दिया। मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए प्रत्याशियों द्वारा इसका सहारा लिया गया था। अब वैवाहिक कार्यक्रमों का दौर चल रहा हैं कि प्रतिदिन नगर में माता पूजन बारातों की आवाजाही का क्रम बना रहेगा। इसी दौर में विद्यार्थियों को भी परीक्षा कक्ष में बैठकर अपना भविष्य संवारना होगा। इसके अलावा रात्रि के समय मैरिज गार्डनों में भी डीजे की गूंज से विद्यार्थियों की स्मरण शक्ति प्रभावित होती है।

यहां करें शिकायत

शहर में कोलाहल अधिनियम लागू है। यदि कोई शोर कर रहा है तो आप इसकी शिकायत पुलिस थाने में कर सकते हैं। एसडीएम से शिकायत की जा सकती है। रात 10 बजे के बाद डीजे का शोर हो रहा है तो पुलिस थाने के फोन नंबर 07563-276034 पर भी पुलिस को सूचना दे सकते हैं।